ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। वरिष्ठ नागरिकों की समस्या के निराकरण के लिए कोतवाली पुलिस ने उनसे मुलाकात की। पुलिस टीम ने वरिष्ठ नागरिकों को साइबर अपराध की जानकारी देते हुए अपनी बैंक की जानकारी, एटीएम नंबर, आधार कार्ड किसी भी अंजान आदमी को न देने की सलाह दी। मंगलवार को कोतवाल रितेश शाह के नेतृत्व में दो पुलिस टीम वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के लिए क्षेत्र में पहुंची। इस दौरान पुलिस टीम कोतवाली क्षेत्रांतर्गत 98 वरिष्ठ नागरिकों के घर पहुंची।
पुलिस टीम ने वरिष्ठ नागरिकों को उनके बीट अधिकारी तथा कर्मचारी के मोबाइल नंबर उपलब्ध कराए। उन्होंने बताया कि साइबर अपराध के तहत कुछ लोग घर बैठे ही कुछ जानकारी प्राप्त कर बड़ा नुकसान पहुंचा रहे है। एक जरा सी लापरवाही से लोग अपने बैंक खातों से रुपये गंवा बैठते हैं। पुलिस टीम ने कहा कि घर से अधिक समय के लिए कहीं बाहर जाने पर सूचना निकट पुलिस स्टेशन में अवश्य दें। पुलिस टीम ने बताया कि ऑनलाइन एप्लीकेशन के जरिये शिकायतों को दर्ज करा सकते हैं। कोतवाल रितेश शाह ने बताया कि पुलिस टीम की ओर से लगातार वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा के संबंध में अभियान चलाया जाएगा तथा प्रत्येक माह पुलिस टीमें उनके घर जाकर उनकी समस्याओं को सुनकर निराकरण भी करेंगे।