फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शौचालय में घुसा गुलदार, साढ़े पांच घंटे में किया काबू

विज्ञापन
विज्ञापन
ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। ढालवाला क्षेत्र स्थित एक घर के शौचालय में गुलदार घुस गया। इस घटना की भनक लगते ही पूरे क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल हो गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और वन विभाग की टीमों ने साढ़े पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गुलदार को काबू किया। गुलदार को देखने के लिए घर के बाहर लोगों का जमावड़ा लग गया। वन विभाग की टीम गुलदार को पकड़कर हरिद्वार के चिड़ियापुर रेंज में रेस्क्यू के लिए ले गई। शुक्रवार को ढालवाला के वार्ड संख्या दस में एक नर गुलदार सुबह करीब साढ़े सात बजे दो घरों के बीच में देखा गया। सबसे पहले उसे सुधीर जगूड़ी ने देखा। सुधीर ने गुलदार का पीछा किया।
विज्ञापन

करीब पौने घंटे बाद गुलदार सत्यप्रकाश जगूड़ी के घर के शौचालय में घुस गया। गुलदार को शौचालय में घुसते हुए सत्यप्रकाश जगूड़ी के छोटे बेटे प्रदीप जगूड़ी ने देख लिया। प्रदीप ने साहस दिखाते हुए शौचालय का दरवाजा बाहर से बंद कर कुंडी लगा दी। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचित किया। पुलिस टीम ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। पता चलते ही नरेंद्र नगर क्षेत्र के प्रभागीय वन अधिकारी धर्म सिंह मीणा, शिवपुरी की रेंजर स्पर्श काला अपनी टीम के साथ पहुंचे। इस दौरान पालिकाध्यक्ष मुनिकीरेती रोशन रतूड़ी भी पहुंचे। सभी ने गुलदार को पकड़ने की कोशिश की, मगर सफलता नहीं मिली।
इसके बाद अधिकारियों ने देहरादून मानसी डियर पार्क के इंचार्ज डॉ. राकेश नौटियाल तथा हरिद्वार चिड़ियापुर रेंज के रेस्क्यू एक्सपर्ट डॉ. अमित ध्यानी से संपर्क साधा। दोनों लोग करीब डेढ़ घंटे बाद घटना स्थल पर पहुंचे। इसके बाद शौचालय से सटे कमरे की दीवार पर ड्रिल मशीन से छेद किया गया। करीब सवा एक बजे गुलदार को डॉ. राकेेेश नौटियाल ने ट्रेंकुलाइज किया। करीब आधा घंटे तक गुलदार के बेहोश होने का इंतजार किया गया। करीब पौने दो बजे गुलदार के बेहोश होने की पुष्टि हो पाई। इसके बाद टीम ने गुलदार को शौचालय से बाहर निकालकर पिंजरे में डाला। टीम गुलदार को लेकर हरिद्वार के चिड़ियापुर रेस्क्यू सेंटर चली गई। इस मौके पर थानाध्यक्ष मुनिकीरेती आरके सकलानी, ढालवाला चौकी इंचार्ज विनोद शर्मा, एसआई विकेंद्र कमार, मानसी डियर पार्क से रवि जोशी, नितिन आदि उपस्थित रहे।
विज्ञापन

गुलदार के दीदार को लगा मजमा
गुलदार के रिहायशी इलाके में घुसने की सूचना मिलते ही लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। जब तक गुलदार को रेस्क्यू के लिए नहीं ले जाया गया, तब तक पूरे साढ़े पांच घंटे तक लोग वहीं जमे रहे। इस दौरान सत्यप्रकाश जगूड़ी के घर के बाहर, बगल के घरों की छतों, पेड़ों पर बैठकर लोग मोबाइल में गुलदार की तस्वीर कैद करने की कोशिश करते रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें