ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
रायवाला। प्रतीतनगर और खांडगांव की घनी आबादी क्षेत्र में मंगलवार रात गुलदार ने कुत्तों को निवाला बनाने की कोशिश की। वहीं प्रतीतनगर में गुलदार एक घर के आंगन तक पहुंच गया। हालांकि कोई अनहोनी नहीं हुई। वहीं आबादी क्षेत्रों में गुलदार की दस्तक से ग्रामीणों में दहशत है।
प्रतीतनगर निवासी चंदन सिंह रावत ने बताया कि गुलदार ने मंगलवार रात के करीब 2:30 बजे आंगन बैठे उनके पालतू कुत्ते पर हमला कर दिया। हालांकि जान बचाने के लिए कुत्ता गुलदार से भिड़ गया। दोनों की गुर्राहट की आवाज सुनकर घर के लोगों की नींद खुल गई। इसी बीच गुलदार भाग निकला। बुधवार सुबह मौके पर पहुंचे ईको विकास समिति के अध्यक्ष राजेश जुगलान ने घटना की जानकारी राजाजी टाइगर रिजर्व प्रशासन को दी। इसके बाद टाइगर रिजर्व की टीम ने मौके पर पहुंची और गृहस्वामी से जानकारी ली। इसके अलावा गुलदार के फुट प्रिंट आदि के चित्र एकत्र किए। इससे पहले मंगलवार दोपहर को खांडगांव स्थित पंप हाउस के पंप ऑपरेटर दीवान सिंह रावत के पालतू कुत्ते पर गुलदार ने हमला कर जख्मी कर दिया था। रेंज अधिकारी प्रमोद ध्यानी ने बताया कि गुलदार के चंगुल में आने के बाद कुत्ते का बच निकलना संभव नहीं है। किसी प्रत्यक्षदर्शी ने भी गुलदार के होने की पुष्टि नहीं की है। फिर भी दोनों घटनाओं पर मौके पर गए वनकर्मी की टीम से जांच रिर्पाट मांगी जा रही है। गांव में सुरक्षा के लिए अतिरिक्त गश्ती टीम तैनात कर दी गई है, जो रात्रि के समय में आबादी क्षेत्रों में गश्त करेगी।