ब्यूरो/अमर उजाला, डोईवाला। किसानों ने शुगर मिल प्रबंधन से स्थानीय स्तर पर अधिक गन्ना खरीद करने की मांग की है। किसानों का कहना है कि स्थानीय गन्ना उत्पादक किसानों से गन्ना खरीद के लिए कम पर्चियां जारी हो रही हैं। जबकि शुगर मिल प्रबंधन का दावा है कि चीनी मिल की पेराई क्षमता के अनुसार गन्ना खरीद की जा रही है। करीब सप्ताह भर विलंब से शुरू हुई शुगर मिल डोईवाला का पेराई सत्र पखवाड़े भर में सुचारु हो पाया है। स्थानीय गन्ना किसान शुगर फैक्ट्री से आगामी गेहूं की बुवाई के लिए चीनी मिल गेट के तौल कांटे से अधिक गन्ना खरीदने की मांग की जा रही है।
धर्मूचक के किसान सुरेंद्र सिंह खालसा ने बताया कि शुगर मिल के मुख्य तौल कांटे से किसानों का अधिक गन्ना खरीदना चाहिए, जिससे स्थानीय गन्ना किसान गेहूं की बुवाई समय पर कर सके। कहा कि गन्ना समिति द्वारा फसल का सर्वे भी उचित ढंग से नही किया गया है, जिसका असर खरीद पर पड़ रहा है। शेरगढ़ के किसान गुरदीप सिंह ने बताया कि समय पर गन्ना आपूर्ति नही होने पर भुगतान भी विलंब से मिलता है। शुगर फैक्ट्री के गन्ना प्रबंधक कासिम अली का कहना है कि शुरूआत में कुछ परेशानियों के बाद अब व्यवस्था को सुचारु बना दिया गया है। शुगर मिल की पेराई क्षमता के अनुसार ही गन्ना समिति से गन्ना खरीद का इंडेन्ट भेजा जा रहा है। डोईवाला समिति के माध्यम से पर्याप्त गन्ना खरीद हो रही है, जिससे किसानों को सतुंष्ट होना चाहिए।
कोट्स
हम पूरा प्रयास कर रहे हैं कि शुगर मिल डोईवाला के मुख्य तौल कांटे से गन्ना अधिक खरीदा जा सके। फैक्ट्री मांग के अनुरूप सहयोग कर रही है। किसानों की समस्या का समाधान जल्द हो जाएगा।
- ईश्वर पाल, अध्यक्ष ,गन्ना समिति डोईवाला।