ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। चार धाम यात्रा शुरू हुए सप्ताह भर हो चुका, लेकिन बीटीसी कैंपस में अब तक सुविधाएं मुकम्मल नहीं हो सकीं। टीनशेड तो बन गए, लेकिन अभी तक आधा दर्जन शेड पंखों से महरूम हैं। यहां तक लाइटें भी नदारद हैं। यात्री जहां दिन में गर्मी में बैठने को मजबूर हैं, वहीं लाइटें न लगी होने से उन्हें रात के वक्त मुश्किल उठानी पड़ रही है।
गढ़वाल कमिश्नर वीबीआरसी पुरूषोत्तम और डीएम देहरादून एसए मुरूगेशन ने यात्रा शुरू होने से पहले बीटीसी परिसर का निरीक्षण किया था, व्यवस्थाओं को चौक चौबंद करने के निर्देश दिए थे। लेकिन अभी तक इन निर्देशों पर पूरा अमल नहीं हो सका। उधर, दिनों दिन बीटीसी परिसर में चार धाम यात्रा जाने वाले यात्रियों की भीड़ बढ़ती जा रही है। आने वाले दिनों में मुश्किल और बढ़ सकती है।
जल्द पूरा होगा काम
मौसम की मार से यात्रियों को बचाने के लिए बीटीसी में टीनशेड लगवाए गए हैं। इनमें पंखे और लाइटें लगाने का काम जारी है। जल्द ही सभी टीनशेड में पंखे और लाइटें लगा दी जाएंगी।
- आनंद सिंह मिश्रवाण, सहायक अभियंता नगर निगम ऋषिकेश।
हाईमास्ट से रोशनी गायब
बस ट्रांजिट कंपाउंड के पीछे की ओर बसों को पार्क करने वाली जगह पर हाईमास्ट लाइट लगाई गई हैं। लेकिन पांच हाईमास्ट लाइटों में से तीन मरम्मत के चलते काम नहीं कर रही हैं। चार धाम जाने वाली बसें बीटीसी के पीछे स्थित पार्किंग में खड़ी होती हैं। यह क्षेत्र काफी संवेदनशील भी है। कुछ दिन पहले यहां पर स्पार्किंग के चलते तीन बसों में आग भी लग चुकी है।