ब्यूरो/अमर उजाला, मुनिकीरेती । ढालवाला से चंद्रेश्वर नगर तक बहने वाले नाले के ऊपर बनी सड़क लोगों के लिए मुसीबत का सबब बन गई है। सड़क पूरी तहर से क्षतिग्रस्त होने के कारण लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सात साल पहले सिंचाई विभाग ने ढालवाला से चंद्रेश्वर नगर तक बहने वाले नाले ऊपर सड़क निर्माण किया था। इसी के तहत सीमेंटेड पाइप डालकर नाले को भूमिगत कर दिया था। अब हालात ये हैं कि रख रखाव के अभाव में सड़क पूरी तरह से उखड़ चुकी है। सड़क पर जगह-जगह पड़े गड्ढे दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे हैं। बरसात के दिनों में नाला ओवर फ्लो होकर सड़क पर पड़े गड्ढों के रास्ते नाले का पानी सड़क पर भर जाता है।
सड़क के दोनों ओर पानी की निकासी न होने कारण पूरी सड़क तालाब में तब्दील हो जाती है। इससे लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। स्थानीय पूर्व सभाषद सचिन रस्तोगी का कहना है कि सड़क की मरम्मत के लिए विभाग को कई बार लिखित व मौखिक रूप से अवगत कराया गया है। इसके बावजूद सिंचाई विभाग के अफसर बजट का रोना रोकर पल्ला झाड़ देते हैं। सड़क पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुकी है। सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि दुपहिया वाहन चालक कई बार चोटिल हो गए हैं। नाले के समीप रहने वाले अनिल बडोला का कहना है कि बरसात के दिनों में पूरी सड़क तालाब में तब्दील हो जाती है।
कोट्स
वर्तमान में सड़क की हालत वास्तव में खराब हो चुकी है। विभाग की ओर से इस सड़क की मरम्मत के लिए दो करोड़ का बजट प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है। शासन से मंजूरी मिलते ही सड़क की मरम्मत कर दी जाएगी। संभव है कि इस वर्ष सड़क मरम्मत को बजट की मंजूरी मिल जाएगी।
- आशीष कोंडल, जेई सिंचाई विभाग, नरेंद्रनगर