ब्यूरो/अमर उजाला। ऋषिकेश। नए साल का पहला दिन ट्रैफिक जाम के नाम रहा। वाहनों के दबाव के चलते त्रिवेणी घाट से लेकर मुनिकीरेती, रामझूला, लक्ष्मणझूला, तपोवन क्षेत्र तक लोगों को घंटों जाम की समस्या से जूझना पड़ा। जाम खुलवाने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत का सामना करना पड़ा। मंगलवार को नया साल मनाने के लिए काफी संख्या में सैलानी तीर्थनगरी पहुंचे। इस दौरान सैलानियों ने त्रिवेणीघाट, मुनिकीरेती, स्वर्गाश्रम, लक्ष्मणझूला, तपोवन आदि क्षेत्रों में गंगा स्नान किया तथा तीर्थ भ्रमण कर मठ मंदिरों के दर्शन किए।
इसके साथ ही गंगा में साहसिक खेलों का लुत्फ उठाने, बीच कैंपों में भी काफी संख्या में पर्यटक उमड़े रहे। उधर, नववर्ष के दिन पर्यटक वाहनों की आमद बढ़ने से नगर क्षेत्र में दिनभर जाम की स्थिति रही। इस दौरान वाहन रेंग-रेंगकर चले। इससे पर्यटकों को हलकान होना पड़ा। जाम खुलवाने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
जीरो जोन दरकिनार, फिर रुकने लगे टैंपो
कोतवाली पुलिस ने नगर में लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए जयराम तिराहा से चंद्रभागा पुल के समीप पेट्रोल पंप तक जीरो जोन घोषित किया था। दो महीने बीतते ही नियम फिर उड़ने लगे हैं। चौराहों पर पुलिस जवान तैनात होने के बावजूद थ्री व्हीलर चालक जीरो जोन में सवारियां उतार व बैठा रहे हैं।