ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। श्रीदर्शन महाविद्यालय में वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि काबीना मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि भारतीय संस्कृति को जीवंत रखने में श्रीदर्शन महाविद्यालय अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने महाविद्यालय के संस्थापक वीर राघवाचार्य महाराज की मूर्ति पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद महाविद्यालय में अध्ययनरत ऋषिकुुमारों के लिए सोलर प्लांट का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि श्रीदर्शन महाविद्यालय में पढ़ाई के साथ संस्कारों पर भी ध्यान दिया जाता है। यहां से अध्ययन करने वाले छात्र आज देश के कोने-कोने में संस्कृति का प्रचार प्रसार कर रहे हैं।
कृषि मंत्री ने प्रतियोगिता के प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष मुनिकीरेती रोशन रतूड़ी, भाजपा के राष्ट्रीय सचिव तीरथ सिंह रावत, पूर्व राज्य मंत्री मोहन सिंह गांववासी, स्वच्छ भारत मिशन के ब्रांड अंबेसडर पंडित रवि शास्त्री, मनमोहन शर्मा, राजीव लोचन शर्मा, पार्षद रीना शर्मा, समाजसेवी वंशीधर पोखरियाल, प्रधानाचार्य राधामोहन दास, उषा रावत, भानु मित्र शर्मा, संजु ध्यानी, संजीव शर्मा आदि उपस्थित रहे।