ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। संत गोपालदास की माता का अनशन खुलवाने के लिए प्रशासन का प्रयास विफल रहा। बृहस्पतिवार को उप जिलाधिकारी, कोतवाल रितेश शाह व अन्य संत गोपालदास की माता का अनशन समाप्त कराने को लेकर त्रिवेणी घाट पहुंचे। यहां गोपालदास के पिता शमशेर सिंह और उनके अधिवक्ता संजय सिंह ने प्रशासन को अनशन समाप्त करने से मना कर दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी से मुलाकात कर उचित आश्वासन मिलने के बाद ही अनशन समाप्त किया जाएगा।
इस संबंध में उप जिलाधिकारी प्रेमलाल ने बताया कि शासन तक अपनी बात पहुंचाने के लिए वह उन्हें ज्ञापन दें। वह इस संबंध में उनका पक्ष सरकार के समक्ष रख देंगे। इस दौरान इस बात पर सहमति बनी कि शुक्रवार को उप जिलाधिकारी को संत गोपालदास की खोज को लेकर ज्ञापन दिया जाएगा। इसके बाद ही अनशन समाप्त होगा।