रुद्रपुर में प्रॉपर्टी डीलर ने पत्नी और बच्चों के सामने खुद को गोली मार खुदकुशी कर ली। घटना के बाद से ही मृतक की पत्नी और बच्चे गहरे सदमे में हैं।
पुलिस ने तमंचे को कब्जे में लेने के साथ ही शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। आत्महत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं लग पाया है लेकिन आशंका जताई जा रही है कि संभवत: प्रॉपर्टी के कारोबार में घाटे की वजह से उसने यह आत्मघाती कदम उठाया हो।
मूलरूप से ग्राम रतनपुरा बिलासपुर यूपी निवासी पलविंदर सिंह (30) पुत्र दलीप सिंह मलिक कालोनी में तीन महीने से पत्नी लवजीत कौर और दो बच्चों अंश और जसमीत के साथ किराये पर रह रहा था। उसने गंगापुर रोड पर खालसा प्रॉपर्टी डीलर नाम से दफ्तर खोल हुआ था।
मंगलवार शाम वह रतनपुरा में परिजनों से मिलने के बाद परिवार के साथ स्कूटी में घर लौटा था। देर रात उसने पत्नी और बच्चों के सामने ही अचानक 315 बोर के तमंचे को बायीं कनपटी से सटाकर खुद को गोली मार ली। बताया जा रहा है कि पत्नी और बच्चों ने पलविंदर को रोकने की कोशिश भी की थी। गोली लगने के बाद परिजनों की चीख पुकार मच गई।
गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने डरे सहमे परिजनों से घटना की जानकारी ली और शव को मोर्चरी में पहुंचाया। एसआई बीसी आर्य ने बताया कि पलविंदर ने पत्नी और दो बच्चों के सामने ही खुद को गोली मारी। खुदकुशी की क्या वजह थी इसकी अभी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। जिस 315 बोर के तमंचे से गोली मारी गई है, उसे सील कर दिया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
सात साल पहले पीलीभीत की लवजीत से किया था प्रेम विवाह
मृतक पलविंदर ने सात साल पहले पूरनपुर पीलीभीत की रहने वाली लवजीत कौर से प्रेम विवाह किया था। दोनों की जिंदगी हंसी-खुशी बीतने के साथ ही एक पुत्र अंश और पुत्री जसमीत थी। पांच भाई बहन में पलविंदर सबसे छोटा था। मोर्चरी पहुंचे परिजनों ने बताया कि पलविंदर के इस आत्मघाती कदम से वह भी हैरान हैं। उसे व्यापार में किसी तरह का घाटा होने की उन्हें जानकारी नहीं है। पलविंदर का लवजीत से भी कोई विवाद नहीं था।