केदारनाथ मंदिर के पुजारी के आवास के निकट से सफाई के दौरान मलबे से चांदी, पीतल और तांबे की 12 मूर्तियां बरामद हुई हैं। तीन दिन पूर्व बाबा केदार की पंचमुखी प्रतिमा भी मिल चुकी है, जिसको भंडार गृह में सुरक्षित रखा गया है।
बुधवार को श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के कर्मचारियों को पुजारी आवास के निकट सफाई के दौरान बहुमूल्य मूर्तियां मिलीं। उक्त मूर्तियां पुजारी आवास में रखी जाती थीं।
पढ़ें, ...इसका मतलब झूठ बोल रहे हैं 'चैंपियन'
जलप्रलय के दौरान पुजारी आवास के क्षतिग्रस्त होने के बाद से मूर्तियों का पता नहीं पाया था। मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़ ने बताया कि मलबे में दबी भगवान शिव, ब्रदूवाहन (भीम के पुत्र), गौरीशंकर, भगवान शिव के गले में लिपटा नाग, नंदी बैल, भैरवनाथ की उत्सव मूर्ति और घंटियों को निकालकर सुरक्षित रख लिया गया है।
बारिश होने पर बढ़ रहा नदियों का जलस्तर
केदारनाथ में अभी खतरा टला नहीं है। तीन दिन पूर्व तेज बारिश होने पर मंदाकिनी, मधु गंगा और सरस्वती नदी का जलस्तर बढ़ गया।
पढ़ें, मंत्री आवास पर चली गोलियां, 2 नेता घायल
नदी का पानी मंदिर से करीब 100 मीटर दूर प्रवचन हाल तक पहुंच गया, जिससे यहां रह रहे लोग घबरा गए और सुरक्षित स्थान की तलाश करने लगे। ज्ञात रहे कि जल प्रलय के बाद से मंदाकिनी नदी मूल स्थान के बजाय सरस्वती नदी के साथ बह रही है।
मंदिर समिति का अस्थायी कार्यालय स्थापित
केदारनाथ धाम में मंदिर समिति का अस्थायी कार्यालय भी स्थापित हो गया है। मंदिर के बांयी ओर एक भवन का मलबा हटाकर कार्यालय चलाया जा रहा है।
पढ़ें, बोले चैंपियन, गोली से नहीं पटाखे से हुआ घायल
बर्फबारी से ठंडक
केदारनाथ की चोटियां बर्फ से ढकने लगी हैं। यहां बारिश और बर्फबारी भी हो रही है, जिससे ठंडक बढ़ने लगी है। चोराबाड़ी झील के ऊपर तक बर्फबारी हो रही है।
आज होगा दल परिवर्तन
रोटेशन की व्यवस्था के तहत आज मंदिर समिति के दल में परिवर्तन होगा। मंदिर समिति के मुख्य कार्याधिकारी बीडी सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह राजकुमार नौटियाल और यशोधर मैठाणी के नेतृत्व में 12 सदस्यीय दल केदारनाथ पहुंचेगा।
बीएसएनएल की संचार सेवा बहाल
केदारनाथ धाम में तीसरे दिन बुधवार को बीएसएनएल की मोबाइल फोन सेवा सुचारू हो पाई। इससे पहले सोमवार को फॉल्ट आने से मोबाइल फोन टावर ने काम करना बंद कर दिया था।