विण में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करती बालिकाएं। अमर उजाला
- फोटो : PITHORAGARH
युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल के तत्वावधान में विण विकास खंड में युवा महोत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान सांस्कृतिक टीमों ने एक से बढ़कर एक कार्यक्रम पेश किए।
विकास खंड सभागार में ब्लॉक प्रमुख लक्ष्मी गोस्वामी ने महोत्सव का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि लोक संस्कृति के संरक्षण के लिए ऐसे महोत्सव जरूरी हैं। क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी दीपक चंद्र भट्ट के निर्देशन में आयोजित महोत्सव में छह प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। टीमों ने लोकगीत, लोकनृत्य, एकांकी नाटक, शास्त्रीय वादन, नृत्य आदि पेश किए।
मां शारदा सांस्कृतिक समिति नैकिना की टीम ने ठंडो रे ठंडो मेरो पहाड़ को पानी ठंडो, हवा ठंडी गाने में नृत्य पेश किया। जल थलकेदार सांस्कृतिक समिति ने भी लोकनृत्य पेश किया। 24 प्रतिभागियों ने एकल प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। संचालन नानू बिष्ट ने किया। इस मौके पर खंड विकास अधिकारी विमल रावत, वरिष्ठ संगीतकार केदार दत्त भट्ट, रंगकर्मी जनार्दन उप्रेती, हेमराज बिष्ट, मीना चंद, ममता वर्मा, दिनेश कुमार, भुवन राम, जगदीश प्रसाद, गणेश भट्ट आदि मौजूद रहे।