मुनस्यारी-हरकोट मार्ग में इस तरह हो रही पैदल आवाजाही। अमर उजाला
- फोटो : PITHORAGARH
मुनस्यारी-हरकोट-मटेना मार्ग 5 महीने से बंद पड़ा हुआ है। साढ़े 9 किमी लंबी इस सड़क पर कई स्थानों पर सड़क बह गई है। सड़क बंद होने से लोगों को पैदल आवाजाही करनी पड़ रही है, या फिर चौना-इमला-मदकोट-दरकोट सड़क से आवाजाही करनी पड़ रही है। इसके लिए साढ़े नौ किमी के स्थान पर 32 किमी का अतिरिक्त सफर तय करना पड़ रहा है।
जून की बरसात में इस सड़क को जबरदस्त नुकसान पहुंचा। कई स्थानों पर सड़क बह गई है। सड़क पर जगह-जगह मलबा पड़ा है। जून में सड़क बंद होने से कई दोपहिया वाहन हरकोट, मटेना में फंस गए थे, जिन्हें लोगों ने बमुश्किल निकाला। सड़क बंद होने से क्षेत्र के लोग भारी परेशानी में हैं। सड़क ठीक थी तो मुनस्यारी से मटेना लोग लगभग आधे घंटे में पहुंच जाते थे। सड़क बंद होने के बाद लोगों को चौना-दरकोट से 32 किमी का सफर तय करना पड़ रहा है। इसमें एक घंटे से अधिक समय लग रहा है।
सामाजिक कार्यकर्ता हीरा सिंह चिराल, चौना के क्षेत्र पंचायत सदस्य किरण चिराल, प्रधान चंचल सिंह चिराल, प्रधान हरकोट हेमा देवी का कहना है कि कई बार पीएमजीएसवाई डिविजन के अधिकारियों से सड़क खोलने की गुहार लगाई जा चुकी है लेकिन सड़क नहीं खोली जा रही है। कहा है कि सड़क न खुलने पर आंदोलन किया जाएगा।
चौना-मटेना सड़क भी जुलाई से बंद
पिथौरागढ़। चार किमी लंबी चौना-मटेना सड़क भी जुलाई से बंद है। कच्ची सड़क पर कई जगह मलबा पड़ा है। सड़क बंद होने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यह सड़क हाल में लोनिवि से पीएमजीएसवाई डिविजन को हस्तांतरित हुई है।
मुनस्यारी-हरकोट-मटेना सड़क पर दो स्टील गार्डर पुल बनने हैं, जिनके टेंडर हो गए हैं। कुछ तकनीकी दिक्कतों के कारण शासन से स्वीकृति मांगी गई है। जल्द ही स्वीकृति मिल जाएगी। पुल निर्माण का कार्य प्रारंभ हो जाएगा। चौना-मटेना मार्ग पर डामरीकरण, सुधारीकरण के लिए धन स्वीकृत हो गया है। टेंडर लग गए हैं। जल्द काम शुरू हो जाएगा। -विवेक धर्मशक्तू अवर अभियंता पीएमजीएसवाई डिविजन