यूकेएसएसएससी की स्नातक स्तरीय परीक्षा का पेपर सेंटर से बाहर भेजने के मामले में नाराज सैकड़ों युवाओं की भीड़ बृहस्पतिवार को सड़कों पर उतरी। युवाओं ने पेपर चोर, गद्दी छोड़ के नारे लगाते हुए नगर में जुलूस निकालते हुए सरकार, सीएम और आयोग के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि सीएम और सरकार सशक्त नकल विरोधी कानून बनाने की बात कर रहे हैं लेकिन प्रदेश में हर परीक्षा का पेपर लीक हो रहा है। पेपर लीक होने से हमारा भविष्य बर्बाद हो गया है। युवाओं ने कहा कि सड़कों पर उतरना हमारा शौक नहीं मजबूरी बन गया है।
जिले भर के युवाओं ने नगर के विभिन्न हिस्सों से होते हुए कलक्ट्रेट तक सरकार और चयन आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला। इसके बाद युवा कलक्ट्रेट के बाहर धरने पर बैठ गए। युवाओं ने कहा कि प्रदेश में नकल विरोधी कानून बनाकर वाहवाही लूटी गई। इस कानून को दरकिनार कर नकल माफिया हर बार पेपर लीक कर हमारी मेहनत पर पानी फेर रहे हैं।
हमारे परिजन अभावों में हमें पढ़ा रहे हैं लेकिन पेपर बाहर आने से हमारी मेहनत बेकार हो रही है। इसके बाद भी सीएम धामी, भाजपा नेता और आयोग के अधिकारी पेपर के सिर्फ तीन पन्ने लीक होने की बात कर हमें धोखा दे रहे हैं। इन्हें मालूम होना चाहिए कि सिर्फ आधे नंबर से भी कई युवा भर्ती में सफल होने से रह जाते हैं। इससे साफ है कि यह भर्ती सिर्फ नेताओं और आयोग के चहेतों के लिए कराई गई है।
युवाओं ने आयोग के हर कर्मचारी को बदलकर अब तक हुए सभी पेपर बाहर आने के मामलों की सीबीआई जांच की मांग की। कहा कि यदि सरकार और सीएम ने पेपर लीक मामले की सीबीआई जांच के आदेश जारी नहीं किए तो प्रदेश भर में युवा उग्र प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे।
बोले युवा
परिजनों ने मुझे अभावों में जिला मुख्यालय भेजकर पढ़ाया। उम्मीद थी कि इस भर्ती परीक्षा में सफल होकर अपने माता-पिता का सपना पूरा करुंगी। पेपर लीक होने से पूरी मेहनत पर पानी फिर गया है। - पूजा, मुनस्यारी
जिस तरह हर भर्ती परीक्षा के पेपर लीक हो रहे हैं, ऐसे में मेहनत करने के बाद भी सफलता मिलने की उम्मीद नहीं है। लगता है ये भर्तियां सिर्फ नेताओं के चहेतों को नौकरी देने के लिए कराई जा रही हैं। - भावना बिष्ट, नाचनी
सीएम, नेता और आयोग के अधिकारी पेपर के सिर्फ तीन पन्ने लीक होने की बात कर रहे हैं। आधे नंबर से भी अभ्यर्थी सफल नहीं हो पाता है। ऐसी बात कर सभी बेरोजगारों को धोखा दे रहे हैं। - पूजा चुफाल, नाचनी
युवाओं के साथ धोखा करने वाली सरकार को सत्ता में रहने का अधिकार नहीं है। आयोग के अधिकारियों को बदलना चाहिए। यदि यही हालात रहे तो मेहनत करने वाले युवाओं को कभी सरकारी नौकरी नहीं मिल सकती। - बृजेश, पिथौरागढ़
बेड़ीनाग में युवाओं ने की सीबीआई जांच की मांग