पिथौरागढ़। राष्ट्रीय खेलों के तहत मेजबान उत्तराखंड के मुक्केबाजों ने क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में कमाल किया है। क्वार्टर फाइनल मुकाबला जीतकर प्रदेश के पांच मुक्केबाजों ने प्रदेश के नाम पदक पक्के किए हैं। अब ये सभी मुक्केबाज सेमीफाइनल जीतकर फाइनल में जगह पक्की करने के लिए रिंग में उतरेंगे।
पिथौरागढ़ स्पोर्ट्स कॉलेज में आयोजित बॉक्सिंग में बीते मंगलवार को खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में उत्तराखंड के नरेंद्र और काजल ने विपक्षी को अपने पंचों से धराशायी कर सेमीफाइनल में प्रवेश करते ही प्रदेश के नाम पदक पक्का किया। बुधवार को भी खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में उत्तराखंड के मुक्केबाजों ने कमाल किया। 50 किलो भार वर्ग में निवेदिता कार्की ने पंजाब की एकता सरोज को 5-0 से करारी शिकस्त दी। 80 किलो भार वर्ग में हिमांशु सोलंकी के पंचों की आंधी में दादर नागर हवेली के मुक्केबाज संतोष बराली धराशायी हो गए। हिमांशु ने नाकआउट तरीके से मैदान मारा। 92 किलो भार वर्ग में कपिल पोखरिया के पंच सर्विसेज के विशाल पर भारी पड़े। कपिल ने विशाल को 4-1 से हराया। ऐसे में उत्तराखंड के पांच मुक्केबाजों ने सेमीफाइनल में प्रवेश कर प्रदेश के नाम पदक पक्का किया है। हालांकि सभी मुक्केबाजों की नजर सोने पर है। अब सभी सेमीफाइनल मुकाबलों में अपने पंचों के प्रहार से विपक्षी को धराशायी कर फाइनल में प्रवेश करने के लिए आतुर हैं। संवाद
दीपक का पदक लाने का सपना टूटा
पिथौरागढ़। बुधवार को उत्तराखंड के चार मुक्केबाज सेमीफाइनल में जगह पक्की करने के लिए रिंग में उतरे। तीन मुक्केबाजों ने अपने मुकाबले जीते। 51 किलो भार वर्ग में उत्तराखंड के दीपक कड़े मुकाबले में सर्विसेज के मांडेगम जादुमणि से हार गए और उनका प्रदेश को पदक दिलाने का सपना टूट गया।
बोले मुक्केबाज
अपनी जीत से बेहद खुश हूं लेकिन प्रदेश के लिए सोना जीतना लक्ष्य है। इसके लिए कड़ी मेहनत कर रही हूं। कोच के साथ ही मैंने इसके लिए कड़ी मेहनत की है। निश्चित तौर पर सफलता मिलेगी।
निवेदिता कार्की।
इस जीत से हौसला मिला है। प्रदेश को स्वर्ण पदक दिलाना ही एकमात्र लक्ष्य है। हर प्रदेशवासी की शुभकामनाएं मेरे साथ हैं। मुझे यकीन है कि मैं ऐसा करुंगा।
हिमांशु सोलंकी।
मेहनत हो तो सफलता मिलती है। मेरे साथ कोच और मेरी पूरी टीम ने मेहनत की है। क्वार्टर फाइनल जीत लिया है। फाइनल जीतना लक्ष्य है।
कपिल पोखरिया।