मुनस्यारी/पिथौरागढ़। हिमनगरी मुनस्यारी में राष्ट्रीय खेलों के लिए मुक्केबाज तैयार होंगे। राष्ट्रीय खेलों को लेकर यहां खिलाड़ियों का मुक्केबाजी का प्रशिक्षण शुरू हुआ है। प्रदेश भर के 60 खिलाड़ी यहां मुक्केबाजी का प्रशिक्षण लेंगे।
मुक्केबाजी के 15 दिनी प्रशिक्षण का शुभारंभ मुख्य अतिथि जोहार क्लब के अध्यक्ष केदार सिंह मर्तोलिया ने किया। जिला क्रीड़ा अधिकारी अनूप बिष्ट ने बताया कि प्रदेश भर के खिलाड़ियों को यहां मुक्केबाजी की बारीकियां सिखाई जाएंगी और उन्हें राष्ट्रीय खेलों के लिए तैयार किया जाएगा। बताया कि 30 महिला और 30 पुरुष खिलाड़ी प्रशिक्षण में भाग ले रहे हैं। हैड कोच भाष्कर चंद्र भट्ट, प्रकाश जंग थापा, कंडीशनिंग ट्रेनर जनार्दन सिंह वल्दिया, निखिल महर, असिस्टेंट कोच मुकेश बेलवाल, रिचा शर्मा, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी निकिता चंद, प्रियंका चौधरी, दीपा मेहता, काजल फर्स्वाण, निवेदिता कार्की, आरती धारियाल प्रशिक्षण दे रहे हैं। प्रदर्शन के आधार पर पुरुष और महिला वर्ग में राज्य की टीम का चयन किया जाएगा जो राष्ट्रीय खेलों में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी। इस मौके पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. हरीश नाथ गोस्वामी, देवेंद्र सिंह, सतीश कुमार, महिमा विश्वकर्मा, रवि जोशी सहित कई लोग शामिल रहे। संवाद