पिथौरागढ़। सीमांत जिले में खड़ी होली जोरों पर है। गांव में लोग खड़ी होली के बोलों में मस्त हो रहे हैं। जिले में गंगोलीहाट, बेड़ीनाग, थल, अस्कोट, कनालीछीना समेत अन्य गांवों में खड़ी होली का आनंद ले रहे हैं। होलियों में तेरो पचोरंग है गुलाब कलियां बेला री..., तुम बिन हरो न गणेश..., तुम तो भई तमवान कालिका कलयुग में अवतार लियो... समेत अन्य होलियों में मस्त हो रहे हैं।
तुम खेलो नंद के लाल, होलिन के दिन हो...
पिथौरागढ़। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष दीपिका बोहरा के आवास पर होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान नगर के होल्यारों ने उनके आवास पर जमकर होली मनाई।
रविवार को पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष के चंद्रभागा स्थित आवास पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए। उन्होंने ढोलक की थाप पर तुम खेलो नंद के लाल, होलिन के दिन हो..., तुम सिद्धि करो महाराज होली के दिन हो..., तुम तो भई तपवन कालिका कलियुग में अवतार लिए..., रंग बरसे भीगे चुनर वाली... आदि होली गीतों का गायन किया गया। इस दौरान पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र बोहरा, भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, पूर्व पालिका अध्यक्ष जगत सिंह खाती, इंदर लुंठी, सूरज गिरी, मनोज सामंत, मदन जोशी, राजेश शर्मा आदि मौजूद रहे।
ये कैसी प्रीत लगाई, श्याम तुम बड़े हरजाई...
डीडीहाट। होली में विभिन्न रागों की होली को गाया जा रहा है। होली के दूसरे दिन होटल कारोबारी प्रकाश बोरा के आवास पर होली का आयोजन किया गया। होल्यार कविंद्र बिष्ट ने राग काफी पर आधारित ये कैसी प्रीत लगाई, श्याम तुम बड़े हरजाई... सुनाई। वहीं होल्यार ललित भंडारी ने धमार राग में सखियां ले आई गुलाल लाल, होरी खेल रहे हैं नंदलाल... सुनाया। संजय पंत ने राग विहाग पर आधारित नजर भर देखन दे महबूब गाया। हारमोनियम में कविंद्र सिंह, तबले में दीपक कुमार ने संगत दी। उधर होल्यारों ने सिराकोट मंदिर प्रांगण में होली का गायन किया।
आज ब्रज में होली रे रसिया...
मुवानी। क्षेत्र में रंगों के साथ प्रवासियों ने आज ब्रज में होली रे रसिया, बिरज में होली खेले नंदलाल... के गायन के साथ होली पर्व उल्लास के साथ मनाई जा रही है। कमतोली में किशोर भट्ट के आवास पर महिला होलियारों की धूम रही।
25 साल बाद फिर निर्तोली में बरसेंगी होली
बंगापानी (पिथौरागढ़)। 25 साल बाद निर्तोली में होली का त्योहार मनाया जाएगा। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में वर्षों के बाद होली के रंग खेले जाएंगे। बुजुर्ग और महिलाओं ने होली मनाने का संकल्प लिया गया। उन्होंने अपने इष्ट देव के मंदिर से आज्ञा लेकर होली की शुरुआत धूमधाम से की।
हरि आए मोर मुकुट धारी, हाथ शंख चक्र गदा धारी...
लोहाघाट (चंपावत)। बाराकोट, लोहाघाट और पाटी में खड़ी होलियों की धूम मची हुई है। महिला पुरुषों ने अलग-अलग टोलियों में खड़ी होली का गायन किया जा रहा है।
लोहाघाट के सुंई खैसकांडे गांव में होल्यारों ने घर-घर घूमकर तुम तप कर पार्वती वन में, तप बल ब्रह्मा सृष्टि रचत हैं..., उठ भारत राम मिलन आए..., हरि आए मोर मुकुट धारी..., हाथ शंख चक्र गदा धारी... आदि का गायन किया। यहां राजेश चौबे, भुवन चौबे, भुवन तिवारी, सचिन जोशी, रमेश चौबे आदि शामिल रहे।
कोलीढेक की महिलाओं ने प्रधान और होली कमेटी की टीम लीडर अल्का ढेक के नेतृत्व में सती जन जाए दक्ष राजा घर..., कहिए हनुमंत वीर, स्वामी देवर दोनों कैसे भए... आदि का गायन किया। इस मौके पर रेखा ढेक, कृष्णा ढेक, सुनीता ढेक, शीला ढेक, पुष्पा ढेक, दीपा गहतोड़ी, पुष्पा चमलेगी,पूजा ढेक,दीपा माहरा, जानकी जोशी, उमा ढेक, दीपा ढेक, पुष्पा ढेक, आशा ढेक, सोनू, मोहिनी आदि शामिल रहीं।
मेरे बांके बिहारी लाल लगा लो रंग गुलाल...
चंपावत। नगर के विभिन्न हिस्सों में बैठक और खड़ी होली गायन जारी है। रंगों में डूबे होल्यार भक्ति, शृंगार, संयोग, वियोग से भरे गीत गा रहे हैं। नगर के बालेश्वर महादेव मंदिर में बैठक और खड़ी होली गायन का आयोजन किया गया।
इस दौरान होल्यारों ने जय जय जय शिव शंकर..., आई अवध में बाहर..., होली के संग खेलूं में री सांवरिया संग..., मेरे बांके बिहारी लाल लगा लो रंग गुलाल..., सीता को ब्याह होलो जनकपुरी में... आदि का गायन किया। इस दौरान संजय पांडेय, धर्मवीर सिंह तोमर, बबलू गिरी, लक्ष्मी दत्त सक्टा आदि ने होली गीत गाए।
कार्यक्रम का शुभारंभ नगर व्यापार संघ अध्यक्ष विकास साह, महंत पवन गिरी, युवा व्यापारी मुक्तेश वर्मा ने किया। इस दौरान कई लोग शामिल रहे।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यालय परिसर में होली मिलन कार्यक्रम में होल्यारों ने होली के गीत गाए। इस दौरान विभाग प्रचारक पिथौरागढ़ विभाग वतन, सहविभाग प्रचारक पिथौरागढ़ जितेंद्र, नगर प्रचारक राहुल, हेमंत, हर्ष, संजू पांडे, जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, हिमेश कलखुड़िया, रघुराज, चंदकिशोर बोरा, तनुज आदि आदि रहे।
गोरलचौड़ मार्ग पर पूर्व पालिकाध्यक्ष विजय वर्मा के घर पर बैठकी होली गायन किया। इस दौरान संजय पांडेय, पंकज तिवारी, एलडी सक्टा, रोहित आदि मौजूद रहे।
पर्वों पर सोशल मीडिया में अफवाह फैलाई तो खैर नहीं
पूर्णागिरि/टनकपुर (चंपावत)। पूर्णागिरि मेला, होली पर्व, रमजान पर शांति व्यवस्था के लिए पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है। प्रशासन की ओर से सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सीओ वंदना वर्मा ने दुकानों और कांप्लेक्स में सीसीटीवी कैमरों को चालू रखने और आसपास हुड़दंग करने वालों की सूचना तुरंत 112 पर देने के निर्देश दिए।
रविवार को कोतवाली परिसर में सीओ वंदना वर्मा ने शांति और अमन कमेटी की बैठक ली। सीओ ने उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना। सभी को त्योहारों के दौरान शांति, कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए निर्देशित किया। कहा कि शराब पीकर हुड़दंग और अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।
बैठक में तहसीलदार जगदीश नेगी, एसएसआई पूरन सिंह तोमर, व्यापार मंडल अध्यक्ष वैभव अग्रवाल, अंकित अग्रवाल, अमजद, ईओ ऋषभ उनियाल, भूपेंद्र सिंह सिंपी, सभासद दिलदार अली, वकील अहमद, शिवराज सिंह, शैलेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।
महिला होल्यारों ने भागीरथी गंगा ले आए... होली गीत से मचाई धूम
टनकपुर (चंपावत)। नगर और ग्रामीण क्षेत्र में पुरुष और महिला होल्यारों के दल जगह-जगह होली गायन में मस्त हैं। रविवार को क्षेत्र के नायकगोठ प्लॉट और बोरागोठ में महिला होल्यारों ने घरों में होली गायन किया। महिला होल्यारों ने भागीरथी गंगा ले आए..., जल कैसे भरूं..., तुम सिद्धि करो... गीतों से धूम मचाई। होली गायन में होल्यार ममता पंत, देवकी देवी, दुर्गा चौहान, यशोदा, निर्मला, दीपा, रोशनी, पूजा, लक्ष्मी शामिल रहीं।