सेना भर्ती के दौरान पकड़े गए युवकों को कोर्ट ले जाती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
सेना में भर्ती होने आए दोनों युवकों के खिलाफ पिथौरागढ़ कोतवाली में मुकदमा दर्ज हो गया है। शुक्रवार को दोनों युवकों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पिथौरागढ़ में चल रही सेना भर्ती के दौरान बृहस्पतिवार को अलीगढ़ के पेशवा थाना क्षेत्र निवासी वीरेंद्र सिंह और मथुरा के लाजपुर थाना क्षेत्र निवासी हरिओम फर्जी प्रमाणपत्रों के साथ पकड़े गए थे। सेना के अधिकारियों द्वारा दोनों युवकों को नागरिक पुलिस को सौंप दिया गया था। इसके बाद पिथौरागढ़ कोतवाली में दोनों युवकों के खिलाफ आईपीसी की धारा 198, 420, 468 और 471 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
कोतवाल ध्यान सिंह ने बताया कि दोनों युवकों को न्यायालय में पेेश किया गया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया है। फर्जी दस्तावेजों के साथ पूर्व में पकड़े गए हाथरस के दो युवक अभी जेल में बंद हैं। सेना में भर्ती होने के लिए उत्तर प्रदेश से पिथौरागढ़ पहुंचे चार युवक अब तक पकड़े जा चुके हैं। इस तरह के मामले सामने आने के बाद भर्ती क्षेत्र में सेना पुलिस और खुफिया एजेंसियां भी पैनी निगाहें रखे हुए हैं।