पिथौरागढ़। आध्यात्मिक पर्यटन बढ़ाने के लिए बिण ब्लाॅक के कनारी पाभै में योग और ध्यान केंद्र बनाया जाएगा। इसके लिए जिला योजना में तेईस लाख स्वीकृत हुए हैं। जल्द ही पर्यटन विभाग निर्माण कार्य शुरू कर देगा। यहां पर स्थानीय लोगों और पर्यटकों को योग कराया जाएगा। पर्यटन विभाग ने योग ध्यान केंद्र बनाने के लिए जिला योजना से प्रस्ताव बनाया था। जल्द ही पर्यटन विभाग निविदा प्रक्रिया आमंत्रित कर यहां पर योग ध्यान केंद्र का निर्माण कार्य शुरू कर देगा। कनारी पाभैं में योग ध्यान केंद्र बनने से इस ग्रामीण क्षेत्र का विकास होगा।
इसके अलावा पर्यटन विभाग ने 33.71 लाख रुपये से कनालीछीना विकासखंड के सतगढ़ गांव में दानवीरा जसुली देवी शौक्याणी की ओर से कैलाश यात्रियों के विश्राम के लिए बनाई गई धर्मशाला का जीर्णोद्धार का कार्य शुरू कर दिया है। इसके लिए भी जिला योजना से धन स्वीकृत किया गया है। मुनस्यारी के पापड़ी ग्राम पंचायत में बाइस लाख रुपये से व्यू प्वाइंट और चेंजिंग रूम का निर्माण किया जाएगा। इससे पर्यटकों का लाभ मिलेगा। सभी निर्माण कार्यों का उद्देश्य पर्यटन गतिविधियों को बढ़ाना और पर्यटकों को सुविधाएं देना है।
मुनस्यारी के आईटीबीपी बैंड के पास बनेगा पार्क
पिथौरागढ़। मुनस्यारी के आईटीबीपी बैंड के पास बीस लाख से पार्क का निर्माण किया जाएगा। यहां पार्क निर्माण के बाद बुजुर्गों और बच्चों को लाभ मिलेगा। यहां के लोग लंबे समय से यहां पर पार्क के निर्माण की मांग कर रहे थे। संवाद
इनसेट कोट-
सीमांत जिले में पर्यटन गतिविधियां बढ़ाने और पर्यटकों को सुविधा देने के लिए जिला योजना में कई प्रस्तावों को स्वीकृति दी है। कई कार्य शुरू भी कर दिए गए हैं।
- वरुण चौधरी, सीडीओ पिथौरागढ़।