नाचनी (पिथौरागढ़)। रामगंगा नदी पर बन रही कृत्रिम झील के बढ़ते दायरे को नियंत्रित करने के लिए सिंचाई विभाग ने हरड़िया नाले का चैनलाइजेशन शुरू कर दिया है। नदी के मुहाने पर जमा भारी मलबा हटाए जाने से पानी की निकासी सुचारु होने लगी है जिससे झील के विस्तार पर रोक लगने की उम्मीद है।
अपर सहायक अभियंता एसएस बिष्ट ने बताया कि हरड़िया पहाड़ी से लगातार भारी मात्रा में मलबा बहकर रामगंगा नदी के मुहाने पर जमा हो गया था। इससे हरड़िया नाले का ढलान कम हो गया और पानी की निकासी बाधित हो रही थी।
उन्होंने बताया कि स्थिति को देखते हुए नाले को नाचनी की ओर यू-टर्न देकर नया प्रवाह मार्ग बनाया जा रहा है। इससे भविष्य में मलबा सीधे नदी के मुहाने पर जमा नहीं होगा और कृत्रिम झील का दायरा बढ़ने से रोकने में मदद मिलेगी।