पिथौरागढ़ । कैलाश यात्रा मार्ग पथ पर गुंजी में पर्यटन विभाग की ओर से स्वदेश दर्शन-दो के तहत शिव धाम के निर्माण के लिए स्थल विकास का कार्य शुरू हो गया है। अगले दो-तीन साल में शिव धाम बनने से कैलाश मानसरोवर और आदि कैलाश जाने वाले पर्यटकों को सुविधा मिलेगी।
वर्ष 2023 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आदि कैलाश दर्शन के बाद केंद्रीय पर्यटन विभाग ने धारचूला की व्यास घाटी में शिव धाम बनाने का निर्णय लिया। शिव धाम बनाने के लिए 75.86 करोड़ रुपये की डीपीआर बनाई गई है। पहले चरण के कार्यों के लिए 17.86 करोड़ रुपया स्वीकृत किया है। इसमें से 1.75 करोड़ की धनराशि पर्यटन विभाग को मिल गई है।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति चंद्र आर्या ने बताया कि गुंजी में 25 हेक्टेयर भूमि पर शिव धाम का निर्माण किया जाना है। कार्यदायी संस्था कुमाऊं मंडल विकास निगम (केएमवीएन) की ओर से अभी भूमि को समतल किया जा रहा है। केएमवीएन के अवर अभियंता गिरीश भट्ट ने बताया कि स्थल विकास के बाद अगले कुछ दिनों में निर्माण सामग्री गुंजी पहुंचाई जाएगी।
पहले चरण में यह कार्य होने हैं
शिव धाम निर्माण की कार्यदायी संस्था केएमवीएन के सहायक अभियंता अजय कुमार ने बताया कि पहले चरण में गुंजी में विजिटर रूम, कैफे, दो सिंगल और चार डबल स्टोरी कॉटेज, टॉयलेट, त्रिशूल प्लाजा, नंदी द्वार, पर्यटक सूचना केंद्र बनाने के कार्य किए जाएंगे।
डीपीआर दो में होने हैं 58 करोड़ के कार्य
डीपीआर दो में 58 करोड़ के कार्य प्रस्तावित हैं। इनमें ट्राइबल म्यूजियम, वैलनेस रिट्रीट जोन, सात गांवों में इंटरप्रिटेशन सेंटर, विज्ञान जोन, ज्ञान जोन के तहत शिवोम प्लाजा, कला संस्कृति केंद्र आदि प्रस्तावित हैं। इनकी स्वीकृति के लिए डीपीआर पर्यटन मंत्रालय को भेजी गई है।