पिथौरागढ़ कलक्ट्रेट में प्रदर्शन करती मड़मानले की रोछाड़ गांव की महिलाएं। अमर उजाला
- फोटो : PITHORAGARH
सड़क कटिंग के बावजूद मड़मानले के लोछड़ा गांव के लोगों को यातायात सुविधा का लाभ नहीं मिल रहा है। सड़क के मलबे से पैदल रास्ते भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इससे नाराज गांव की महिलाओं ने कलक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया।
सोमवार को कलक्ट्रेट पहुंचे लोछड़ा के महिला पुरुषों ने कहा कि पुगौर से मड़मानले के लोछड़ा तोक की अनुसूचित बस्ती फल्ताई गैर तक एससीपी के तहत पिछले साल सड़क काटी गई थी। इसमें ग्रामीणों की नाप भूमि भी कटी थी। सड़क कटिंग से गांव के पैदल रास्ते भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इसके बावजूद ग्रामीणों को सड़क का लाभ नहीं मिल रहा है। सड़क निर्माण के नाम पर केवल कटिंग कर काम छोड़ दिया गया है।
अब भी उन्हें चार किमी की पैदल दूरी तय करनी पड़ रही है। सड़क नहीं बनने से छड़नदेव से घूमकर जिला मुख्यालय पहुंचना पड़ता है। प्रदर्शन करने के बाद ग्रामीणों ने अपर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर सड़क का मुआयना करने और समस्या का निराकरण कर यातायात सुविधा दिए जाने की मांग उठाई। प्रदर्शन करने वालों में पुष्पा देवी, शकुंतला देवी, प्रेम राम, भगत राम, हरी राम, बसंती खनका, मंजू देवी, धाना देवी, कलावती देवी, मुन्नी देवी, विनोद सिंह, माधवी देवी, दिलीप सिंह, जीवन सिंह, इंद्रजंग, बल बहादुर आदि ग्रामीण शामिल थे।