पिथौरागढ़ के गांधी चौक बाजार में मेहंदी रचातीं महिलाएं। संवाद
पिथौरागढ़। करवाचौथ पर्व से एक दिन पहले बाजार में खरीदारी के लिए महिलाओं की भीड़ जुटी। महिलाओं ने कपड़े, सौंदर्य प्रसाधन और पूजा सामग्री की जमकर खरीदारी की। कारोबारियों के मुताबिक करवाचौथ की खरीदारी से करीब 12 करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है।
बृहस्पतिवार सुबह से ही गांधी चौक, सिमलगैर, नयी बाजार, धर्मशाला लाइन सहित अन्य बाजारों में खरीदारी के लिए महिलाओं की भीड़ रही। सुहागिनों ने पूजा सामग्री के साथ करवा की थाली, सींक, कपड़े सहित अन्य सामान खरीदा। आभूषणों की दुकानों में भी भीड़ रही। व्यापारियों का कहना है पिछले वर्ष की तुलना में महिलाओं ने इस बार अधिक खरीदारी की है। कारोबारियों के मुताबिक आभूषण, कपड़े और पूजा सामग्री का करीब 12 करोड़ का कारोबार हुआ। आभूषण विक्रेता दीपक चौधरी के मुताबिक करवाचौथ पर आभूषणों का अच्छा कारोबार रहा है।
मेंहदी रचाने के लिए लगी भीड़
महिलाओं ने 500 से लेकर 1500 रुपये तक की मेंहदी रचाई। मेंहदी की दुकानों पर भी काफी भीड़ लगी रही। भीड़ अधिक होने से मेंहदी कारोबारियों के चेहरे भी खिले नजर आए।