थल में रामगंगा घाट पर एक साथ जल रही दुर्घटना में मरे युवकों की चिता
- फोटो : अमर उजाला
थल-पांखू रोड पर शुक्रवार अपरान्ह कार दुर्घटना में मरे तीनों युवकों का शनिवार को गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया। तीनों की चिताएं रामगंगा के तट पर एक साथ जली। वहीं, शोक में पांखू बाजार बंद रहा।
शुक्रवार अपरान्ह थल से पांखू जाते समय हुई कार दुर्घटना में मरे तीनों युवकों का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोचर में डीडीहाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डा. एसएस कुंवर ने पोस्टमार्टम किया। उसके बाद तीनों की शवयात्रा रामगंगा तट पर पहुंची। दुर्घटना में मरे रवि सिंह रावत की चिंता को उनके भाई किशन रावत और भगवान रावत ने मुखाग्नि दी। सुरेश राम की चिता को उनके भाई ललित कुमार और गुड्डू कुमार ने मुखाग्नि दी। मनोज कुमार की चिता को उसके चाचा महेश कुमार और गुमान राम ने मुखाग्नि दी।
भारी संख्या में लोग अंत्येष्टि के समय मौजूद रहे। पांखू में व्यापार संघ अध्यक्ष सतीश चंद्र जोशी के आह्वान पर दुकानें बंद रही। शोकसभा में सुंदर मेहरा, लाल सिंह, आनंद बिष्ट, मनोज कार्की, दिनेश आर्या, नरेश कार्की, खुशाल मेहरा, चंद्रबहादुर कार्की आदि ने कहा कि थल-पांखू रोड पर कई जगह सड़क के किनारे पैराफिट नहीं बने हैं। लोनिवि को चाहिए कि डेंजर जोन वाले स्थानों पर पैराफिट तैयार करे।