टनकपुर-तवाघाट एनएच पर गुड़ौली के पास सड़क से मलबा हटाती जेसीबी।
- फोटो : AMAR UJALA
टनकपुर-तवाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग में गुड़ौली के पास पहाड़ कटिंग का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है। इस काम में लगे लोगों की प्रतिबद्धता को देखकर माझी दि माउंटेनमैन का संवाद ‘जब तक तोड़ेगा नही, तब तक छोड़ेगा नहीं’ आ रहा है। ग्रिफ की जीसीसी कंपनी का दावा है कि 12 मई तक तक सड़क को यातायात के लिए सुचारु कर दिया जाएगा। सौ मीटर लंबी और 70 मीटर ऊंची पहाड़ी को तोड़ने और सड़क से मलबा हटाने के लिए दो पोकलैंड, एक डोजर, दो जेसीबी के साथ 30 मजदूर मलबा हटाने में लगाए गए हैं।
गुड़ौली के पास पिछले लंबे समय से पहाड़ी से लगातार मलबा गिर रहा था। पूर्व में किए गए ब्लास्टिंग से पहाड़ी पूरी तरह दरक गई। जिला प्रशासन के निर्देश पर राजमार्ग में आठ से 12 मई तक यातायात रोका गया है, ताकि पूरी पहाड़ी की कटिंग की जा सके। यदि पहाड़ी की कटिंग नहीं की जाती तो बरसात में उक्त स्थल पर भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता था। जीसीसी कंपनी के अवर अभियंता अशोक गुप्ता ने बताया कि पहाड़ी कटिंग का कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। बताया कि पहाड़ी से बड़े-बड़े बोल्डर निकालने का कार्य किया जा रहा है। इसमें काफी खतरा भी बना हुआ है। गुप्ता ने बताया कि 12 मई तक सड़क पर यातायात को सुचारु करने के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
आवश्यक वस्तुओं की होने लगी किल्लत
कनालीछीना। टनकपुर-तवाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुड़ौली के पास यातायात बंद होने से गुड़ौली, बंदरलीमा, मलान, चरमा, हचीला आदि गांवों में आवश्यक वस्तुओं की किल्लत होने लगी है। इन गांवों के लोग छह से 10 किमी दूर पैदल कनालीछीना पहुंच जरूरी सामग्री की खरीदारी कर रहे हैं। इधर ग्राम प्रधान संगठन के अध्यक्ष केशर सिंह सामंत, मनोज सिंह सिरोला, मोहन सिंह, नवीन पुनेठा ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंप सड़क पर यातायात एक साथ बंद न कर रविवार छुट्टी के दिन बंद करने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि सड़क बंद होने से ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।