पिथौरागढ़। कपड़ा व्यवसायी की तीन बिल्लियां गुम हो गईं तो घर वालों के साथ ही उनका पालतू कुत्ता भी परेशान हो गया है। कुत्ते ने खाना-पीना छोड़ दिया है। इससे परेशान व्यवसायी ने पुलिस से गुहार लगाई है। बकायदा तहरीर देकर तीनों बिल्लियों को खोजने की मांग की गई है।
पुराना बाजार के कपड़ा व्यवसायी लक्ष्मी दत्त जोशी ने तहरीर में कहा कि उनकी तीन बिल्लियों के नाम सोनी, मिचेन और मोनी था। तीन महीने के अंतराल में तीनों बिल्लियां अचानक गुम हो गईं। हर महीने एक-एक बिल्ली के गायब होने से घर वाले परेशान हैं। उन्होंने कहा है कि तीनों बिल्लियां उनके परिवार का हिस्सा थीं। बिल्लियों के गायब होने के बाद उनका कुत्ता रेंबो भी खाना नहीं खा रहा है। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की मदद से गुम हुई बिल्लियों का पता लगाने की मांग की है। इस मामले में सीओ नरेंद्र पंत का कहना है कि मामले की जांच की जाएगी। संवाद