पिथौरागढ़। नगर में खनन न्यास निधि से महिला अस्पताल के नये भवन का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। इसके बाद भी अभी तक अस्पताल को नये भवन में शिफ्ट नहीं किया गया है। लोगों ने जल्द अस्पताल को नए भवन में शिफ्ट करने की मांग की।
पिथौरागढ़ बैंक रोड के पास खनन न्यास निधि 3.5 करोड़ से महिला अस्पताल के नए भवन का निर्माण किया गया था। अस्पताल का निर्माण कार्य को करीब तीन से चार माह हो गए हैं लेकिन अभी तक अस्पताल को नए भवन में शिफ्ट नहीं किया गया है। नया भवन बनाने का मुख्य उद्देश्य मरीजों के लिए पर्याप्त बेड की व्यवस्था करना था। महिला अस्पताल में 62 बेड के सापेक्ष 32 बेड उपलब्ध हैं। अस्पताल में आयुर्वेदिक और होम्योपैथिक विभाग के संचालित होने के बाद अस्पताल में बेड की संख्या कम हो गई है। अस्पताल में बेड कम होने से तीमारदार और मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने जल्द अस्पताल को नए भवन में शिफ्ट करने की मांग की।
इनसेट
कोट-
कुछ कमियां पाई गईं थीं जिन्हें पूरा कर दिया गया है। अब हस्तांतरण की कार्यवाही चल रही है। जल्द ही नए भवन में अस्पताल काम करने लगेगा। इससे मरीजों के साथ स्टाफ को भी सुविधा मिलेगी।
डॉ. जेएस नबियाल, पीएमएस, जिला अस्पताल पिथौरागढ़।