धारचूला (पिथौरागढ़)। टनकपुर-तवाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग पर गलाती पुल कार्यदायी संस्था की लापरवाही से खतरे में आ गया है। पुल पर जलभराव होने से जहां हर रोज दुर्घटनाएं हो रही हैं, वहीं इसकी नींव को खतरा पैदा हो गया है।
पुल पर जमा पानी नींव में घुस रहा है इससे दरारें पड़नी शुरू हो गई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो बड़ा हादसा हो सकता है। बता दें कि इस मार्ग पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्रियों के साथ ही प्रशासनिक अधिकारी भी गुजरते हैं।
यह सड़क पर्यटन और सुरक्षा की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। इस हाईवे पर गलाती पुल में भारी जलभराव हो रहा है। उचित निकासी न होने से यहां जमा होने वाला पानी पुल की नींव में घुस रहा है जो खतरे की तरफ इशारा कर रहा है। स्थानीय निवासी मनोज नगन्याल ने बताया कि जलभराव होने से यहां बने गड्ढे नजर नहीं आ रहे हैं।
इनमें आए दिन दोपहिया वाहन चालक रपटकर चोटिल हो रहे हैं। उन्होंने हाईवे के साथ ही यात्रियों की सुरक्षा के लिए शीघ्र पुल पर पानी निकासी के उचित प्रबंध करने की मांग की है। कहा कि कई बार कार्यदायी संस्था को मामले से अवगत कराया जा चुका है। इसके बाद भी गंभीरता न दिखाकर किसी बड़ी घटना का इंतजार किया जा रहा है।