पिथौरागढ़ के सिनेमा लाइन में पानी के लिए लगी लोगों की भीड़
- फोटो : अमर उजाला
पेयजल किल्लत के बीच नगर के कई इलाकों में पानी न आने से क्षेत्रवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। रविवार को नगर की 20 हजार से अधिक आबादी इससे प्रभावित रही। आपूर्ति से वंचित रहे क्षेत्रवासियों को प्राकृतिक स्रोतों और स्टैंडपोस्टों से पानी ढोना पड़ा।
रविवार को लिंठ्यूड़ा, सिल्थाम, बैंक रोड, रई रोड के लगे क्षेत्रों के साथ ही धर्मशाला लाइन, खड़ी बाजार आदि क्षेत्रों में पानी नहीं आया। नगर और आसपास के क्षेत्रों की रोजाना की मांग 12 एमएलडी है, जबकि आंवलाघाट, घाट, रई पेयजल योजनाओं के जरिये जल संस्थान को रोजाना बमुश्किल सात एमएलडी पानी ही मिल पा रहा है। इससे सभी क्षेत्रों में आपूर्ति सुचारु नहीं हो रही है। पेयजल किल्लत के बीच जल संस्थान रोटेशन के आधार पर आपूर्ति कर रहा है।
रोटेशन को देखते हुए इन क्षेत्रों में सुबह की पाली में लोगों को पानी नहीं मिला। नतीजतन क्षेत्रवासियों को प्राकृतिक स्रोतों, स्टैंडपोस्ट, हैंडपंपों की ओर रुख करना पड़ा। रई धारा, महादेव धारा आदि जगह-जगह स्रोतों पर क्षेत्रवासियों की कतार लगी रही। हालांकि, जल संस्थान ने प्रभावित क्षेत्रों में टैंकर भी भेजे, लेकिन वैकल्पिक आपूर्ति नाकाफी साबित हुई। जल संस्थान के ईई विशाल कुमार ने बताया कि शाम की पाली में आपूर्ति बहाल हो गई।