पिथौरागढ़ में बंद पड़ा एसबीआई का एटीएम
- फोटो : अमर उजाला
साप्ताहिक अवकाश के दिन नगर के सभी एटीएम खाली रहे। इससे उपभोक्ताओं को दिनभर परेशान होना पड़ा। खासकर यात्रियों और पर्यटक को भारी परेशानी हुई।
मुख्यालय में एसबीआई समेत कई सरकारी, सहकारी, ग्रामीण और निजी बैंकों के 22 एटीएम हैं। इन दिनों चल रही नकदी की कमी के बीच सप्ताह में अधिकतर दिन एटीएम खाली रहते हैं। हालांकि बैंक शाखाओं और कुछ एटीएम से नकदी मिलने से उपभोक्ताओं का काम चल जाता है, लेकिन रविवार के दिन बंद बैंकों के अलावा सभी शाखाओं के एटीएम भी खाली रहे। अधिकतर एटीएम में तो दिनभर ताले लगे रहे।
धारचूला के महेश गर्ब्याल कारोबारी लेनदेन के सिलसिले में मुख्यालय आए थे। इस बीच नकदी की जरूरत पड़ी, लेकिन ऐन वक्त पर एटीएम दगा दे गए। इसी तरह पिथौरागढ़ के नीरज बिष्ट को दवाईयां खरीदने के लिए नकदी की जरूरत थी। नगर भर के एटीएम छान दिए, लेकिन नकदी नहीं मिली। उन्होंने एक परिचित से उधार लेकर दवाईयां खरीदी। हल्द्वानी के यात्री महेश आर्या रविवार को पिथौरागढ़ के चंडाक घूमने जाना चाहते थे, लेकिन एटीएम से नकदी न मिलने के बाद उन्होंने अपना कार्यक्रम टाल दिया। जिला लीड बैंक अधिकारी ने आम उपभोक्ताओं से लेकर यात्रियों और पर्यटकों को एटीएम बंद होने से हुई असुविधा को गंभीरता से लिया है। उन्होंने बताया कि बैंकों को इसके प्रति सचेत किया जाएगा।