गलाती के पास रोड कटिंग के दौरान निकले मलबे की चपेट में आकर धारचूला को आने वाली पेयजल लाइन टूट गई है, जिससे तीन दिन से नगर की 20 हजार आबादी के सामने पेयजल संकट बना है। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की इस लापरवाही पर तहसील प्रशासन ने मुकदमा दर्ज कर दिया है।
30 मई की शाम करीब सात बजे बीआरओ ने गलाती में रोड कटिंग के लिए ब्लास्टिंग की थी। इससे निकले मलबे की चपेट में आकर पेयजल लाइन टूट गई थी। जल संस्थान ने लाइन की मरम्मत का प्रयास तो किया, लेकिन मलबा इतना ज्यादा है कि अभी लाइन ठीक होने की उम्मीद नहीं है।
बुधवार को व्यापार संघ अध्यक्ष भूपेंद्र थापा, पूर्व पालिकाध्यक्ष अशोक नबियाल, श्याम खर्कवाल, लक्ष्मण कौशल, नवीन खर्कवाल, संजय करगेती, माधव धामी, लीला कुंवर, नरेंद्र सिंह, संजीव खर्कवाल, भाजपा नेता ओमप्रकाश कापड़ी आदि ने एसडीएम को ज्ञापन देकर कहा कि अब पेयजल सप्लाई सामान्य करने के लिए 24 घंटे का समय दिया जा रहा है। उसके बाद उग्र आंदोलन छेड़ दिया जाएगा।