फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बेड़ीनाग में चौथे दिन आ रहा नलों में पानी

Fri, 31 Mar 2017 10:35 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, बेड़ीनाग
विज्ञापन
बेड़ीनाग में हैंडपंप से पानी निकालती महिलाएं - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
गर्मी बढ़ने के साथ ही बेड़ीनाग नगर में पानी के लिए हाहाकार मचने लगा है। इस बार जल संस्थान को अभी से टैंकरों से पानी की सप्लाई करनी पड़ रही है। प्राकृतिक स्रोत सूखने लगे हैं। हैंडपंपों का जल स्तर काफी नीचे चला गया है। बेड़ीनाग से सटे ढनौली, खिलोती, बना, भटीगांव, संगौड़ में भी पेयजल का गंभीर संकट पैदा हो गया है। जल संस्थान लोगों के घरों में लगे नलों में चौथे दिन नाममात्र की पानी की सप्लाई कर पा रहा है। गोरघटिया पंपिंग योजना से आने वाले पानी से 15 हजार की आबादी वाले इस नगर की पूर्ति संभव नहीं है।
विज्ञापन


नगर के नया बाजार, जवाहर चौक, गणेशपुर, पुराना बाजार, जमुना नगर, कॉलेज रोड पर लोग सुबह से ही पानी की व्यवस्था में जुट रहे हैं। जल संस्थान ने सुकल्याड़ी स्रोत से पानी लाकर नगर में बांटना शुरू किया है। कुछ लोग वाहनों से भी सुकल्याड़ी स्रोत से पानी ढो रहे हैं। नगर क्षेत्र में प्राकृतिक स्रोतों की संख्या कम है, जो स्रोत हैं तो उनमें पानी न्यूनतम स्तर पर आ गया है।

जल संस्थान के अभियंता गजेंद्र सिंह ने बताया कि गोरघटिया पंपिंग योजना मात्र पांच हजार आबादी की जरूरतों के लिए बनी थी। अब आबादी तीनगुना बढ़ गई है, लेकिन पेयजल योजना की क्षमता नहीं बढ़ पाई है। उन्होंने कहा कि अब दो-तीन दिन तक पानी का संग्रह किया जा रहा है। उसके बाद ही वितरण किया जा रहा है। रोज या दूसरे दिन पानी दे पाना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि सड़कों के किनारे स्थित आबादी को टैंकरों से पानी दिया जा रहा है।
विज्ञापन


डीडीहाट में भी बिगड़ने लगी स्थिति
डीडीहाट। नौ प्राकृतिक स्रोतों से तैयार की गई डीडीहाट नगर की पेयजल योजना में भी अब पानी कम होने लगा है। तीन स्रोतों का पानी न्यूनतम स्तर पर आ गया है। अब लोगों के सामने पानी का संकट पैदा होने लगा है। जल संस्थान ने नगर क्षेत्र में टैंकरों तथा वाहनों से पानी वितरण का फैसला लिया है। जब संकट ज्यादा गंभीर होगा तो जल संस्थान इस व्यवस्था को लागू कर देगा। जल संस्थान के अधिशासी अभियंता बिलाल यूनुस ने बताया कि स्थिति से निपटने की पूरी तैयारी कर ली गई है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि पानी की बर्बादी न करें।

लाइन से छेड़छाड़ की तो नपोगे
पिथौरागढ़। जल संस्थान के अधिशासी अभियंता आरके वर्मा ने पिथौरागढ़ नगर क्षेत्र के लोगों को आगाह किया है कि पेयजल लाइन से किसी प्रकार की छेड़छाड़ करने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यदि मुख्य लाइन से किसी ने टुल्लू पंप लगाने का प्रयास किया तो उस पर जुर्माना और मुकदमा दोनों दर्ज होगा। उन्होंने पेयजल लाइनों से सिंचाई करने, पानी का निर्माण कार्यों में उपयोग करने पर रोक लगा दी है। साथ ही जिला मुख्यालय में कंट्रोल रूम बना दिया है। इसका फोन नंबर 223577 है। सभी सहायक अभियंताओं और अवर अभियंताओं को पेयजल व्यवस्था सुचारु बनाए रखने की जिम्मेदारी सौंप दी है। लोगों से अपील की गई है कि वह अपनी शिकायत संबंधित अवर अभियंता के पास दर्ज कराएं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें