धारचूला (पिथौरागढ़)। नगर में पेयजल को लेकर त्राहि त्राहि मची है। गलाती-धारचूला पेयजल योजना सड़क निर्माण के दौरान आए मलबे से टूट जाने के कारण आठ दिन में नलों में पानी नहीं आया है। एसडीएम ने समस्या को कम करने के लिए तीन टैंकरों के माध्यम से नौ स्थानों पर पानी का वितरण शुरू कराया है। पेयजल लाइन कब तक जुड़ेगी कहा नहीं जा सकता। लोगों ने एसपी को ज्ञापन देकर लाइन तोड़ने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
सोमवार को वरदान संस्था के सदस्य एसडीएम एसके पांडे के आवास में ही पहुंच गए। उन्होंने पेयजल लाइन की तत्काल मरम्मत करने की मांग की। कहा कि आठ दिन से टूटी पेयजल लाइन की मरम्मत न होना गंभीर चिंता का विषय है। एसडीएम ने कहा कि व्यवस्था को बनाए रखने के लिए डीडीहाट से एक एई और दो जेई को यहां बुलाया गया है। लाइन की मरम्मत का काम जल्दी शुरू किया जाएगा। ज्ञापन देने वालों में वरदान संस्था की सुमन वर्मा, लक्ष्मी रायपा, मंजु कुटियाल, सरिता देवी, व्यापार संघ अध्यक्ष भूपेंद्र थापा, भीम सिंह रावत, मनोज नगन्याल, पार्वती देवी आदि थे।
उधर, जिला मुख्यालय में भाजपा नेता जगत मर्तोलिया ने पुलिस अधीक्षक को पत्र देकर पेयजल लाइन तोड़ने के लिए जिम्मेदार पीएमजीएसवाई के ठेकेदार, अधिशासी अभियंता, जल संस्थान के अवर अभियंता और धारचूला के एसडीएम के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि इन लोगों की लापरवाही से धारचूला नगर की 20 हजार आबादी और सेना की स्थानीय यूनिट के सामने पेयजल की गंभीर समस्या पैदा हो गई है। उन्होंने कहा है कि समस्या को उठा रहे लोगों को डराया धमकाया जा रहा है।