पेयजल निगम अधिकारी कर्मचारी संयुक्त समन्वय समिति ने बुधवार से कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया है। कार्य बहिष्कार छह दिसंबर तक जारी रहेगा। समिति की मांग है कि जल निगम और जल संस्थान का एकीकरण किया जाए। एकीकरण की मांग वर्षों से उठ रही है लेकिन सरकार लगातार इस मामले को टालती जा रही है। अब प्रदेश स्तर पर इस मुद्दे को लेकर आंदोलन का ऐलान हो चुका है। समिति ने उम्मीद जताई है कि सरकार अब इस मामले में ज्यादा विलंब नहीं करेगी। कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया और कार्य बहिष्कार के दौरान कोई काम न करने का ऐलान किया।
इस मौके पर हुई सभा में जिला संयोजक एलएम कर्नाटक ने कहा कि सरकार को एकीकरण से लाभ होगा। दो विभागों के ढांचे को एक करने से सरकार का खर्च भी कम होगा। सह संयोजक उमेद सिंह बिष्ट ने सभी कर्मचारियों से अपील की कि इस मुद्दे पर एकता बनाए रखें और प्रदेश कार्यकारिणी की ओर से जारी निर्देशों का पालन करें। सभा में जीबी पाटनी, राकेश गुप्ता, भैरव गिरी, अविनाश कुमार, जानकी जोशी, भूपेंद्र सिंह आदि ने संबोधित किया।