फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Uttarakhand: क्या ततैया बन रहे हैं खतरा? चार स्कूली बच्चों पर हमले से मचा हड़कंप, एक छात्रा आईसीयू में भर्ती

Sat, 04 Oct 2025 04:33 PM IST
हीरा मेहरा अमर उजाला नेटवर्क, पिथौरागढ़

सार

डुंगरा गांव में स्कूल जा रहे चार विद्यार्थियों पर ततैयों के झुंड ने हमला कर दिया। बारिश के बाद बढ़ी गर्मी से ततैया अधिक आक्रामक हो गए हैं। सभी चारों छात्रों को अस्पताल ले जाया गया, जिनमें से एक को आईसीयू में भर्ती कराया गया है।

 
विज्ञापन
स्कूल जा रहे बच्चों पर ततैयों के झुंड ने किया हमला - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

 

बारिश थमने के बाद दिन में गर्मी बढ़ने से ततैया आक्रामक हो रही हैं और इनके हमले की घटनाएं सामने आनी लगी हैं। स्कूल जा रहे डुंगरा गांव के चार विद्यार्थियों पर ततैयाें के झुंड ने हमला कर दिया। चारों विद्यार्थियों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। एक छात्रा की गंभीर हालत को देखते हुए उसे आईसीयू में भर्ती करना पड़ा है।

जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह जिला मुख्यालय से 20 किलोमीटर दूर डुंगरा गांव के दिव्यांशु (14), निशा (15), अनिकेत (13) और कमल सिंह (16) घर से पाभैं हाईस्कूल के लिए निकले। रास्ते में पेड़ पर बने छत्ते से निकलकर ततैयाें के झुंड ने उन पर हमला कर दिया। सभी अपनी जान बचाने के लिए भागे लेकिन तब तक ततैयों ने उन्हें कई बार डंक मारकर घायल कर दिया। घटना की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने चारों को जिला अस्पताल पहुंचाया। दिव्यांशु, अनिकेत और कमल को प्राथमिक इलाज के बाद हालत ठीक होने पर छुट्टी दे दी गई।

छात्रा निशा की गंभीर हालत को देखते हुए उसे आईसीयू में भर्ती किया गया है। चिकित्सकों के मुताबिक, छात्रा का बीपी लगातार गिर रहा था और उसे सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। ऐसे में उसे आईसीयू में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। वहीं, इस घटना से क्षेत्र के लोगों में भी दहशत है। अभिभावकों और अन्य लोगों ने वन विभाग से ततैयाें से निजात दिलाने के लिए उचित कदम उठाने की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि जब तक उचित कदम नहीं उठाए जाते, वे अपने बच्चों को विद्यालय नहीं भेजेंगे।

मदकोट में ततैया के हमले से एक अधेड़ की हो गई थी मौत

विज्ञापन

जिले में ततैयाें के हमले में लोग घायल ही नहीं बल्कि इनकी जान भी जा रही है। मदकोट के चौना गांव में 22 दिन पूर्व खेत में काम कर रहे 54 वर्षीय एक व्यक्ति पर ततैयाें के झुंड ने हमला कर दिया था। सीएचसी मुनस्यारी से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। वहीं, बीते पांच वर्ष में ततैयाें के हमले में 12 से अधिक लोग काल के गाल में समा चुके हैं।

ततैयाें के हमले में घायल चार विद्यार्थी अस्पताल पहुंचे। तीन की हालत ठीक है। छात्रा की थोड़ी गंभीर हालत को देखते हुए उसे आईसीयू में भर्ती किया गया है। फिलहाल वह खतरे से बाहर है। - डॉ. भागीरथी गर्ब्याल, पीएमएस, जिला अस्पताल, पिथौरागढ़

डुंगरा में विद्यार्थियों पर ततैयों के हमले की जानकारी मिली है। जल्द ही मौके पर जाकर टीम निरीक्षण करेगी। विद्यार्थियों और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे। - पूरन देउपा, रेंजर, पिथौरागढ़

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें