बुधवार को झूलाघाट में पुल खुलने का इंतजार करते नेपाली नागरिक। संवाद
झूलाघाट ( पिथौरागढ़ )। भारत-नेपाल को जोड़ने वाले अंतरराष्ट्रीय झूलापुल की मरम्मत का काम 15 दिन में भी नहीं हो सका है। मरम्मत के कारण पुल को आंशिक रूप से खोला जा रहा है। इसके चलते व्यापारियों को लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा है। व्यापारियों ने नवरात्र (15 अक्तूबर) से पहले पुल को नहीं खोलने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
झूलाघाट में भारत-नेपाल को जोड़ने वाले अंतरराष्ट्रीय झूलापुल के फर्श के तख्ते सड़-गल गए थे। इसको देखते हुए इस समय लोक निर्माण विभाग पुल की मरम्मत का काम कर रहा है। पुल की मरम्मत में 15 दिन का समय लग चुका है। फर्श पर तख्ते लगाने के बाद टिन की चादर बिछा दी गई है और अब इस पर डामर किया जाना है।
व्यापारियों का कहना है कि झूलापुल की मरम्मत में अधिक दिन लगने से व्यापार ठप हो गया है। दोनों देशों के बीच आवाजाही करने वाले लोगों को पुल पार करने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। इसके चलते लोग खरीदारी के लिए आने से कतरा रहे हैं।
अब नवरात्र शुरू होने वाले हैं। ऐसे में नेपाल से भी बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए झूलाघाट बाजार आएंगे। व्यापारियों का कहना है कि यदि नवरात्र शुरू हाेने से पहले पुल काे आवाजाही के लिए नहीं खोला गया तो व्यापार मंडल लोक निर्माण विभाग के खिलाफ आंदोलन छेड़ेगा।