मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। मदकोट-बोना मोटर मार्ग चार महीने से बंद है। लोग पैदल रास्ते से आवाजाही करते हैं लेकिन पैदल रास्ता भी कई स्थानों पर टूट गया है। इस रास्ते से झापुली, निरतोली, बोना, गोल्फा गांवों के लोग आवाजाही करते हैं। जुलाई में तेज बारिश के दौरान यह रास्ता कई जगह टूट गया। लोक निर्माण विभाग इस रास्ते की देखरेख करता है। लोनिवि ने अपने मजदूर रास्ते की मरम्मत के लिए नहीं भेजे हैं।
ग्रामीणों को मजबूरी में इस रास्ते से ही आवागमन करना पड़ रहा है। बताया गया है कि जुलाई में तेज बारिश के दौरान रास्ता टूटना शुरू हो गया था। कम से कम पांच स्थानों पर यह रास्ता इतना खतरनाक हो गया है कि यदि थोड़ी असावधानी हुई तो खाई में गिरने का डर है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष हीरा सिंह चिराल ने कहा कि प्रशासन लोगों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ कर रहा है।
उन्होंने रास्ते की दुर्दशा की जानकारी तहसील प्रशासन और जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय को भी दे दी है। तहसीलदार आईबी मल्ल ने बताया कि लोक निर्माण विभाग को रास्ते की मरम्मत करने का आदेश दे दिया है। इसी हफ्ते से रास्ते की मरम्मत के लिए मजदूर लगा दिए जाएंगे। उधर, ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन के स्तर से इस तरह के आश्वासन लगातार दिए जाते हैं लेकिन काम नहीं किया जाता। यदि खराब रास्ते में कोई घटना हुई तो प्रशासन जिम्मेदार रहेगा।