15 फरवरी को होने वाले मतदान का अपडेट हर दो घंटे में कंट्रोल रूम में मिलने लगेगा। मतदान केंद्र में पीठासीन अधिकारी हर दो घंटे में पड़े वोट और उनका प्रतिशत अपनी डायरी में नोट करेगा और सेक्टर मजिस्ट्रेट इसकी जानकारी कंट्रोल रूम में देगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी डा. रंजीत सिन्हा ने बताया कि जिन स्थानों पर मोबाइल का नेटवर्क नहीं है, वहां पर वायरलेस से सूचनाएं एकत्र की जाएंगी। सभी स्थानों पर वायरलेस सेट स्थापित किए जा रहे हैं। सेक्टर मजिस्ट्रेट, पीठासीन अधिकारी समेत अन्य कर्मचारी मोबाइल से संपर्क में रहेंगे।
डॉ. सिन्हा ने बताया कि चुनाव में सूचनाओं के आदान प्रदान पर विशेष ध्यान दिया गया है। निर्वाचन आयोग को भी हर दो घंटे में सूचनाएं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर बीएसएनएल के नेटवर्क खराब रहते हैं वहां पर ठीक करने के लिए अधिकारियों से बात की गई है।