पिथौरागढ़। विधानसभा चुनाव में सभी प्रत्याशी जनता को रिझाने के लिए नए-नए वादे कर रहे हैं। एक मौका और कहकर व्यवस्थाओं को ठीक करने की बात कर रहे हैं।
युवाओं का कहना है कि नेताओं को चुनाव में ही उनकी याद आती है। विधायक बनने के बाद तो इनसे काम करवाने के लिए जनता को कई बार फरियाद लगाना पड़ता है। किसे वोट देंगे के सवाल पर युवाओं का जवाब है कि अच्छी शिक्षा और स्थानीय स्तर पर रोजगार देने का भरोसा देने वाले प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करेंगे।
जीतने वाले जनप्रतिनिधि को अपने क्षेत्र की शिक्षा पर ध्यान देना चाहिए। जिन स्कूलों में शिक्षक नहीं है, उनमें शिक्षकों की तैनात करानी चाहिए। प्राथमिक स्तर से व्यवसायिक विषय की पढ़ाई कराई जानी चाहिए, जिससे उन्हें रोजगार भी मिल सके। - हर्षवर्धन शर्मा, पिथौरागढ़
हर पांच साल में चुनाव होते हैं। जनता से राजनीतिक दल के लोग कई प्रकार के वादे करते हैं। स्थानीय स्तर पर जनप्रतिनिधियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने चाहिए, जिससे गांवों से पलायन भी रुक सके। जब रोजगार ही नहीं होगा तो क्या फायदा। - भुप्पी बथियाल, मुनस्यारी