वनरावतों के गांव च्युरानी में वायरल का प्रकोप फैल गया है। हर घर में दो तीन लोग बीमार पड़े हैं।
25 परिवारों वाले इस गांव में कई लोगों के बीमार होने से प्रशासन में हड़कंप मचा है। जिलाधिकारी एचसी सेमवाल के निर्देश पर डॉक्टरों की टीम गांव रवाना हो गई है। बताया गया है कि गांव के लगभग सभी लोगों को बुखार, खांसी, गले में दर्द, नाक बहना, जोड़ों में दर्द जैसी शिकायत हो रही है। गांव के मान सिंह के तीन वर्षीय बेटे बलवंत की हालत ज्यादा नाजुक बनी हुई है। उसे स्थानीय अस्पताल लाया गया।
तहसीलदार पीसी पंत के निर्देश पर गांव पहुंचे राजस्व उपनिरीक्षक विजय शाह ने बताया कि गांव में कई लोग बीमार पड़े हैं। आसपास के अस्पतालों में चिकित्सा की सुविधा न होने के कारण लोग ज्यादा दिक्कत में हैं। उधर, सीएमओ डॉ. यूएस अधिकारी ने दवाओं के साथ डॉक्टरों की एक टीम को च्युरानी गांव भेज दिया है।
बुखार, खांसी की दवा के साथ टीम को एंटीबायोटिक भी दी गई है। जब तक सभी स्वस्थ नहीं हो जाते तब तक टीम को गांव में ही बने रहने के लिए कहा गया है। इधर, जानकारी मिली है कि घाटी वाले इलाकों में भी वायरल तेजी से फैल रहा है। जौलजीबी के घाटी वाले इलाकों में कई लोग बुखार से पीड़ित हैं। सबसे बड़ी समस्या यह है कि इन इलाकों में कहीं पर भी चिकित्सा की कोई सुविधा नहीं है।