बाक्सर विमल पुनेड़ा को अमेरिका जाते समय मुंबई में शुभकामना देते पर्वतीय मूल के लोग
- फोटो : अमर उजाला
उत्तराखंड के पहले प्रोेफेशनल मुक्केबाज पिथौरागढ़ के विमल चंद्र पुनेड़ा अंतरराष्ट्रीय प्रोफेशनल मुक्केबाजी फाइट कैंप में प्रतिभाग करने के लिए मंगलवार को मुंबई से अमेरिका रवाना हो गए हैं। वह 21 दिसंबर को फिलीपींस में होने वाले प्रोफेशनल मुकाबले में हिस्सा लेंगे। फरवरी में न्यूजीलैंड में मुक्कों का दम दिखाएंगे। अमेरिका रवाना होने से पहले मुंबई में अनमोल प्रोडक्शन ने पुनेड़ा का स्वागत किया।
विमल 14 से 16 दिसंबर तक अमेरिका में होने वाले फाइट कैंप और 21 दिसंबर को फिलीपींस होने वाले मुकाबले में प्रतिभाग करेंगे। उत्तराखंड का यह होनहार बॉक्सर फरवरी में न्यूजीलैंड में होने वाली प्रोफेशनल मुक्केबाजी प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेगा। इस प्रतियोगिता के लिए विमल को अमेरिका के ब्रिंग इट ऑन प्रोमोशन ने प्रमोट किया है। विमल को आगे बढ़ाने में मुंबई निवासी कैप्टन पार्थो दास की अहम भूमिका रही है। उन्हीं के प्रयासों से विमल आज दो-दो अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने जा रहे हैं।
सोमवार को अनमोल प्रोडक्शन के नवी मुंबई स्थित कार्यालय में विमल का स्वागत किया गया और शुभकामना दी गई। अनमोल की निमात्री मीनाक्षी भट्ट, प्रोडक्शन प्रबंधक जगजीवन कन्याल, मनोज भट्ट, गोविंद बोहरा आदि ने विमल चंद्र पुनेड़ा का मुंह मीठा किया, फूल माला पहनाई। प्रोडक्शन के लोगों ने मंगलवार को विमल को मुंबई एयरपोर्ट से अमेरिका के लिए रवाना किया। अनमोल के प्रोडक्शन मैनेजर कन्याल ने बताया विदेश दौरे से लौटने पर विमल का भव्य स्वागत किया जाएगा।