मदकोट में बीआरओ के कमान अधिकारी को सड़क की समस्या से अवगत कराते ग्रामीण
- फोटो : अमर उजाला
गोरी नदी पर पुल के पिलरों के लिए खुदाई करने से मदकोट-जोशा चौना मार्ग का एक हिस्सा टूट गया है, इससे क्षेत्र की पांच हजार से अधिक की आबादी को दिक्कत हो रही है। बुधवार को बाजार से घर जा रहे जोशा निवासी नेत्र सिंह जोशाल पैर फिसलने से लगभग 20 फुट खाई में गिर गए। इससे नाराज क्षेत्रवासियों ने बीआरओ के कमान अधिकारी का वाहन रोक दिया। कमान अधिकारी द्वारा पांच दिन में सड़क को दुरुस्त करने का भरोसा देने पर ग्रामीण माने।
सड़क के क्षतिग्रस्त होने से मदकोट-जोशा चौना मार्ग पर वाहनों के संचालन में काफी परेशानी हो रही है। जोशा, इमला, चौना, अगमानी और गांधीनगर के लोग जान जोखिम में डालकर आवाजाही कर रहे हैं। वहीं, बृहस्पतिवार सुबह लोगों ने सड़क के निरीक्षण को जा रहे बीआरओ के कमान अधिकारी राजकुमार शर्मा के वाहन को रोका।
कहा कि सड़क का सुधार नहीं करने से हर समय जान का खतरा बना है। ग्रामीणों की मांग पर ओसी ने खतरा बने स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों को पांच दिन में सड़क ठीक करने का आश्वासन दिया। इस दौरान नेत्र सिंह, हरीश मेहरा, देवेंद्र इमलाल, उमेश, बलवंत जोशाल, गंगा सिंह आदि मौजूद थे।