मंच/चंपावत। सीमांत तल्लादेश क्षेत्र के दुबड़ जैनल गांव में गैस सिलिंडरों का वितरण नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में पांच वाहनों के माध्यम से गैस सिलिंडर पहुंचाए गए लेकिन दुबड़ जैनल गांव में वितरण नहीं किया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि गैस वितरण वाहन दुबड़ जैनल ग्राम पंचायत क्षेत्र से होकर गुजरे, लेकिन देर शाम तक इंतजार करने के बाद भी कोई वाहन गांव नहीं पहुंचा। ग्रामीण लक्ष्मी देवी, मंजू देवी, चंद्रकला पांडेय और गिरधर सिंह ने कहा कि क्षेत्र में पांच वाहन होने के बावजूद दुबड़ जैनल में एक भी गैस सिलिंडर उपलब्ध नहीं कराया गया। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से जल्द व्यवस्था सुधारने और नियमित रूप से गैस सिलिंडर वितरण सुनिश्चित करने की मांग की है।