गणाईगंगोली के खगरोली (पोखरी) गांव के रोबो डांसर विक्रम सिंह बोरा सोनी सब टीवी चैनल में चल रहे ‘इंडिया के मस्त कलंदर’ शो के फाइनल में पहुंच गए हैं। फाइनल मुकाबले इस शनिवार और रविवार को होंगे।
रोबो विक्रम के बबल प्रदर्शन को काफी सराहना मिल रही है। शो के बीच हाथ में चोट लगने के कारण रोबो डांसर के सामने कुछ बाधाएं भी आई। डॉक्टरों के मना करने के बावजूद उन्होंने अपना बबल प्रोग्राम प्रस्तुत किया और सभी बाधाओं को पार करते हुए वह फाइनल राउंड में पहुंच गए हैं। बबल एक्ट में रोबो विक्रम की जोड़ीदार सृष्टि हैं। जिनके साथ उनकी जोड़ी अब तक कमाल की रही है।
रोबो विक्रम बोरा ने इसका श्रेय अपने दादा प्रेम सिंह, पिता रमेश सिंह, माता तुलसी देवी, भाई गोविंद सिंह, सतीश सिंह, भाभी तनुजा बोरा, भतीजी काव्या बोरा को दिया है। उनका कहना है कि परिवार का हमेशा उनको समर्थन मिला। उन्होंने कहा कि लोक गायक स्वर्गीय पप्पू कार्की ने हमेशा उनका समर्थन किया। हौसला बढ़ाया, उन्हीं के कारण वह यहां पर है। यह कहते हुए वह भावुक हो गए और पप्पू कार्की को याद करते हुए बोले, काश आज पप्पू कार्की हमारे बीच होते तो वह काफी खुश होते। रोबो विक्रम ने ईष्ट देव नौलिंग देवता, मित्रों, क्षेत्रवासियों और उत्तराखंड वासियों का आभार जताया।
रोबो के फाइनल में पहुंचने पर विधायक मीना गंगोला, गोकुल गंगोला, जगजीवन कन्याल, गोविंद पांडेय, मोहन जोशी, हरीश मेहता, कल्याण बोरा, दीनदयाल उपाध्याय, विनोद डसीला, सुनील डसीला, जगजीवन प्रसाद, हेमंत बोरा, गिरीश उपाध्याय ने बधाई दी है।