नगर के पांडेगांव निवासी परीक्षित गड़कोटी का चयन उत्तराखंड की अंडर-16 क्रिकेट टीम में हुआ है। परीक्षित टॉप-25 खिलाड़ियों के कैंप में प्रशिक्षण ले रहे हैं।
पांडेगांव निवासी जगदीश गड़कोटी के सुपुत्र परीक्षित दाएं हाथ के उभरते लैग स्पिनर हैं। इनके पिता केबल नेटवर्किंग का कार्य करते हैं। गरीब परिवार के इस होनहार ने प्रारंभिक पढ़ाई नारायण स्वामी पब्लिक स्कूल और सोरवैली स्कूल पिथौरागढ़ से की। महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स हॉस्टल देहरादून में चयन के बाद परीक्षित ने कोच विनय सैनी, हरप्रीत सिंह और पवन पाल से प्रशिक्षण लिया।
हाल में देहरादून में हुए ट्रायल मैचों में इन्होंने बहुत ही अच्छा प्रदर्शन किया। इसी प्रदर्शन के आधार पर वह बीसीसीआई से आए चयनकर्ताओं के मापदंडों पर खरे उतरे। परीक्षित का सपना उत्तराखंड की टीम से अच्छा प्रदर्शन कर देश के लिए खेलना है। वह भारतीय टीम के गेंदबाज कुलदीप यादव को आदर्श मानते हैं।
परीक्षित ने स्कूल स्पोर्ट्स प्रमोशन के राष्ट्रीय कोच और उत्तराखंड अंडर-19 टीम के चयनकर्ता उमेश जोशी से लैग स्पिन की बारीकियां सीखी और उनके मार्गदर्शन मे लगातार आगे बढ़ रहे है पिथौरागढ़ क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रकाश जोशी, जगदीश लोहनी, पुष्कर चंद, हरीश जोशी, गोविंद सिंह, कौशल उप्रेती, नीरज सौन, अभय जोशी, कैलाश जोशी, जगदीश बोरा, जितेंद्र चंद ने परीक्षित के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।