चंपावत। राजकीय इंटर कॉलेज (राइंका) सूखीढांग के स्कूली बच्चों को बिच्छू घास (सिसौण) लगाकर प्रताड़ित करने का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। विद्यालय का स्टाफ और अभिभावक इससे नाराज हैं। विद्यालय में अब बाहरी व्यक्तियों के हस्तक्षेप पर रोक लगा दी गई है।
वीडियो में एक व्यक्ति स्कूली बच्चों को पीटता दिख रहा है और उनके कपड़े उतारकर उन्हें बिच्छू घास से मार रहा है। स्कूली बच्चों का आरोप है कि संबंधित व्यक्ति ने पहले उन्हें बलपूर्वक बाहर बुलाया और फिर प्रताड़ित किया है। बता दें कि संवाद न्यूज एजेंसी ऐसी किसी वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
मामला 12 अगस्त का बताया जा रहा है। जलपान करने गए 6-7 बच्चों को एक व्यक्ति ने स्कूल की सीमा से बाहर रोककर उनके साथ मारपीट की और गलत व्यवहार किया। वायरल वीडियो के संबंध में पूछे जाने पर मुख्य शिक्षाधिकारी (सीईओ) मेहरबान सिंह बिष्ट ने बताया कि अभी तक कोई खास जानकारी नहीं मिल पाई है। मामले का पता लगाया जा रहा है।
कोट
- क्षेत्र के फौजी हैं, जो विद्यालय के पूर्व छात्र रहे हैं। अनुशासन प्रिय होने के कारण एक पूर्व फौजी ने स्कूल के समय में बाहर घूम रहे बच्चों को पढ़ाई के लिए बाध्य किया है। मामला 12 अगस्त का है। इसे लेकर 18 अगस्त को बैठक बुलाई गई और विद्यालय में बाहरी लोगों के हस्तक्षेप पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। - सीपी सिंह, प्रधानाचार्य, राइंका सूखीढांग।