पिथौरागढ़ सैन्य छावनी में स्वर्णिम मशाल के पहुंचने पर बैंड धुन बजाकर अभिनंदन करते सेना के जवान।
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। स्वर्णिम महाविजय मशाल सोमवार शाम पिथौरागढ़ पहुंची। इस दौरान सेना के जवानों ने बैंड धुन के साथ गर्मजोशी से मशाल के साथ आए अधिकारियों और जवानों का अभिनंदन किया। मशाल लेकर आए सैन्य अधिकारियों ने स्वर्णिम महाविजय मशाल स्टेशन कमांडर ब्रिगेडियर संजीव कुमार मंडल को सौंपी। मशाल को सैन्य छावनी में रखा गया है।
मंगलवार को स्वर्णिम विजय मशाल के पिथौरागढ़ पहुंचने पर वार मेमोरियल (महाराज के पार्क) में वर्ष 1971 के युद्ध में शहीदों की वीरांगनाओं और युद्धवीरों को सम्मानित किया जाएगा। इसके बाद जनरल बीसी जोशी पब्लिक स्कूल में कार्यक्रम होगा। पूर्व कैप्टन दीवान सिंह वल्दिया ने बताया कि 16 कुमाऊं रेजिमेंट और छह रेजिमेंट गढ़वाल के जवान स्वर्णिम विजय मशाल पिथौरागढ़ लेकर पहुंचे हैं। वर्ष 1971 के भारत-पाक युद्ध में भारत के वीर जवानों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए 93 हजार पाकिस्तानी जवानों को आत्मसमर्पण करने के लिए मजबूर कर दिया था। वर्ष 1971 की स्वर्णिम जयंती पर यात्रा पूरे देश में भ्रमण कर रही है। जो वीर शहीदों की शहादत को लोगों के बीच पहुंचा रही है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को होने वाले कार्यक्रम में ब्रिगेडियर, डीएम, एसपी सहित सेना के कई अधिकारी हिस्सा लेंगे।
पिथौरागढ़ सैन्य छावनी में स्वर्णिम मशाल के साथ उपस्थित सेना के अधिकारी और जवान।- फोटो : PITHORAGARH