पिथौरागढ़। सीमांत के वाइब्रेंट विलेज शीघ्र ही सोलर लाइट से जगमग होंगे। इन गांवों में पर्यटकों की सुविधाओं के लिए ट्रेकिंग मार्ग भी बनाए जाएंगे। साथ ही दो गांवों में हेल्थ सब सेंटर भी खोले जाएंगे। इनके लिए केंद्र सरकार ने 11.50 करोड़ रुपया स्वीकृत किया है।
केंद्र सरकार ने जिले के धारचूला, मुनस्यारी और कनालीछीना में 24 वाइब्रेंट विलेज की घोषणा की है। चीन और नेपाल सीमा से लगे इन गांवों में आधारभूत अवस्थापना विकास के कार्य किए जाने हैं। गांवों का विकास होने से वहां रोजगार के संसाधन विकसित होंगे और ग्रामीणों का पलायन रुकेगा।
सीडीओ डॉ. दीपक सैनी ने बताया कि चयनित सभी गांव सोलर लाइट से जगमग होंगे। गांवों में पर्यटन विकास के लिए ट्रेकिंग मार्ग, आंतरिक सीसी मार्ग, पुल, पुलिया का निर्माण समेत कई कार्य किए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग की ओर से बालिंग और कुटी में हेल्थ सब सेंटर खोले जाएंगे। गांवों में ही बच्चों को बेहतर शिक्षा मुहैया कराने के लिए स्कूल निर्माण के प्रस्ताव भी भेजे गए हैं।