हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कलक्ट्रेट पहुंचे विहिप और बजरंग दल कार्यकर्ता। स्रोत: वि
पिथौरागढ़। विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष जगदीश पांडेय के हमलावरों की गिरफ्तारी नहीं होने से विहिप और बजरंग दल कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को एसपी कार्यालय पहुंचकर हमलावरों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग उठाई।
एसपी को सौंपे ज्ञापन में कार्यकर्ताओं ने कहा कि पंचायत चुनाव से एक दिन पहले कनालीछीना के मलान मितड़ा मार्ग पर विश्व हिंदू परिषद के अध्यक्ष जगदीश पांडेय, उनके पुत्र तनिष्क और बड़े भाई देवी दत्त पांडेय पर डेढ़ दर्जन से अधिक लोगों ने लाठी डंडों से जानलेवा हमला किया। इस हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सिर सहित शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोटें आने से तीनों का हल्द्वानी में उपचार किया गया।
मामले की कनालीछीना थाने में नामजद और अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। अभी तक हमलावरों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। यदि पुलिस नामजद लोगों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई नहीं करती है तो विश्व हिंदू परिषद प्रदेश भर में आंदोलन छेड़ देगा।