पिथौरागढ़। जिला मुख्यालय में पार्किंग व्यवस्था बदहाल है। ऐसे में सड़कों पर खड़े वाहन लोगों के लिए मुसीबत बन रहे हैं। हालात यह हैं कि दोनों तरफ वाहन खड़े रहने से लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। सड़क के दोनों किनारों पर पैदल चलने के लिए जगह न होने से दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ है।
रई, बिण, ऐंचोली, पांडेगांव, जीजीआईसी सहित नगर के पांच किलोमीटर दायरे में सभी सड़कों के दोनों किनारे वाहनों की पार्किंग बने हुए हैं। संवाद न्यूज एजेंसी की टीम ने इन स्थानों पर पहुंचकर सड़क किनारे खड़े वाहनों और इससे होने वाली दिक्कत का जायजा लिया। हर जगह सड़क के दोनों तरफ वाहन खड़े नजर आए जिससे पैदल चलने के लिए भी जगह नहीं बची है।
कलक्ट्रेट और एसपी कार्यालय के सामने भी यही हालात नजर आए। सड़कों के दोनों तरफ खड़े वाहन लोगों के लिए मुसीबत बने हुए हैं। नगर की सड़कों पर कहीं भी फुटपाथ नहीं है। इस पर दोनों तरफ वाहन पार्क होने से लोगों के लिए सड़कों पर ही पैदल चलना मजबूरी है। तेज रफ्तार दौड़ रहे वाहनों से हर समय दुर्घटनाओं का खतरा बना है और लोग जान जोखिम में डालकर आवाजाही करने के लिए मजबूर हैं।
सड़कों पर पड़ी निर्माण सामग्री से दिक्कत
नगर की अधिकांश सड़कों पर बेखौफ निर्माण सामग्री डाली जा रही है। रई, पांडेगांव, बिण सहित अन्य जगहों पर सड़क किनारे ईंट, रेत, बजरी सहित अन्य निर्माण सामग्री डंप मिली। कहीं पर वाहनों को पार्क करने तो कहीं निर्माण सामग्री डाले जाने से सड़कों की चौड़ाई बेहद कम हो गई है। इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए कोई भी जिम्मेदारी नहीं ले रहा है।
आए दिन लगता है जाम
नगर में पार्किंग की काफी कमी है। अब तक नगर में सिर्फ 450 क्षमता की तीन पार्किंग अस्तित्व में हैं जबकि हर रोज चार हजार से अधिक वाहन यहां पहुंचते हैं। ऐसे में पार्किंग न होने से वाहनों को सड़क किनारे पार्क करना मजबूरी बना है जो आए दिन जाम का कारण बन रहे हैं।
सड़कों के किनारे खड़े वाहनों को हटाने के लिए अभियान चलाया जाएगा। सड़कों के किनारे निर्माण सामग्री डालने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। - केएस रावत, सीओ, पिथौरागढ़